menu-icon
India Daily

‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का खौफ खत्म! ऋषिकेश पुलिस ने गैंगस्टर समेत 3 को दबोचा

ऋषिकेश पुलिस ने भूमि और पारिवारिक विवादों में दखल देकर कथित वसूली, धमकी और ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की है. सरगना जगजीत समेत तीन आरोपित गिरफ्तार हुए, जबकि एक फरार है.

KanhaiyaaZee
‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का खौफ खत्म! ऋषिकेश पुलिस ने गैंगस्टर समेत 3 को दबोचा
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड के ऋषिकेश में कथित तौर पर लोगों को डराकर वसूली और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गिरोह के सरगना जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपितों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपी भूमि और पारिवारिक विवादों में जबरन हस्तक्षेप करते थे. लोगों को धमकाने और फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने का डर दिखाकर पैसे मांगने के आरोप भी गिरोह पर हैं.

पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा गिरोह का मुख्य संचालक था और खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ कहता था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके घर से इसी नाम का एक बोर्ड भी बरामद किया. पुलिस का कहना है कि वह इस बोर्ड और अपने प्रभाव के जरिए इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश करता था. उसके साथ प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.

जमीन और पारिवारिक विवादों में देते थे दखल

पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य लोगों के भूमि और पारिवारिक विवादों में जबरन हस्तक्षेप करते थे. आरोप है कि वे विवाद में एक पक्ष के समर्थन में दबाव बनाते और लोगों को डराते थे. इसके अलावा घरों में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायतें भी सामने आईं. फोटो या वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग भी की जाती थी.

10 साल में दर्ज हुए 11 मुकदमे

पुलिस के अनुसार 2016 से 2026 के बीच गिरोह से जुड़े आरोपितों के खिलाफ अलग-अलग आपराधिक मामलों में 11 मुकदमे दर्ज हुए. लगातार आपराधिक गतिविधियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा होने के आधार पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी थी. सक्षम न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद ऋषिकेश कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई.

तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए जगजीत उर्फ जग्गा, प्रणव उर्फ राघव बत्रा और दीपेश कुमार को गिरफ्तार किया. पुलिस ने जगजीत की निशानदेही पर उसके घर से ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ लिखा बोर्ड बरामद किया. मामले में नामजद रवि गुप्ता अभी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

संगठित अपराध के खिलाफ अभियान तेज

यह कार्रवाई देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत की गई. पुलिस टीम में ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, डोईवाला के प्रभारी निरीक्षक, विवेचक राकेश गुसाईं और वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में भय पैदा करने वाले गिरोहों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.