menu-icon
India Daily

रक्षा बंधन पर माताओं-बहनों को सीएम धामी का तोहफा, फ्री बस यात्रा का किया ऐलान

रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिया. उन्होंने 28-29 अगस्त को मुफ्त रोडवेज यात्रा की घोषणा की.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
रक्षा बंधन पर माताओं-बहनों को सीएम धामी का तोहफा, फ्री बस यात्रा का किया ऐलान
Courtesy: @pushkardhami

रक्षाबंधन के मौके पर देहरादून में आयोजित समारोहों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मातृशक्ति के बीच पहुंचे. उन्होंने कहा कि आज वह मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि अपनी बहनों के बीच एक भाई बनकर आए हैं.

बहन-बेटियों की परेशानी सीधे पहुंचाएं मुख्यमंत्री कार्यालय

धामी ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी बहन या बेटी को कोई समस्या हो तो वह अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकती है. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने के लिए काम कर रही है, जहां बेटियां सुरक्षित रहें, महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और माताएं सम्मान के साथ जीवन बिताएं.

20 हजार बहनों ने गणेश जोशी को बांधा रक्षा सूत्र

हाथीबड़कला के सर्वे स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की ओर से आयोजित समारोह में करीब 20 हजार महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी. कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर और भाजपा नेता सुधा यादव भी मौजूद रहीं. वीर नारियों की मौजूदगी के साथ गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली संस्कृति की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र बनीं.

34 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियों का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है. भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए नकल विरोधी कानून और परीक्षा व्यवस्था में सुधार किए गए हैं.

28-29 अगस्त को महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा

रक्षाबंधन पर धामी ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में निश्शुल्क यात्रा की घोषणा की. इससे महिलाएं मायके और परिवार से मिलने मुफ्त यात्रा कर सकेंगी.