देहरादून: रक्षाबंधन के मौके पर देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं के साथ पर्व मनाया. जीएमएस रोड और हाथीबड़कला में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा और स्वस्थ जीवन की कामना की. मुख्यमंत्री ने महिलाओं के स्नेह को अपनी ताकत बताया. इस दौरान उन्होंने महिला सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ी सरकार की योजनाओं का जिक्र किया. साथ ही रक्षाबंधन पर महिलाओं को खास सौगात देते हुए उत्तराखंड रोडवेज में दो दिन मुफ्त यात्रा की घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म और हाथीबड़कला के सर्वे स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. महिलाओं ने उन्हें राखी बांधी और लंबी उम्र की कामना की. धामी ने कहा कि बहनों के बीच पहुंचकर उन्हें परिवार जैसा अपनापन महसूस हो रहा है. उन्होंने मातृशक्ति के स्नेह और विश्वास को प्रदेश की सेवा के लिए अपनी बड़ी प्रेरणा बताया.
धामी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान का भी संदेश देता है. उन्होंने कहा कि नारी परिवार की नींव होने के साथ समाज और संस्कृति की महत्वपूर्ण शक्ति है. उत्तराखंड की महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहाड़ की महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों को अपनी ताकत बनाया और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है.
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में करीब पांच लाख महिलाएं 70 हजार से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं. इन समूहों के जरिए महिलाएं स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भाग ले रही हैं. प्रदेश में सात हजार से अधिक ग्राम संगठन और 500 से ज्यादा क्लस्टर संगठन भी काम कर रहे हैं. धामी ने बताया कि तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है.
धामी ने महिलाओं के संवैधानिक और सामाजिक अधिकारों को मजबूत करने की बात कही. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू है. समान नागरिक संहिता के जरिए महिलाओं को समान अधिकार और न्याय देने की दिशा में भी कदम उठाया गया है. उन्होंने केंद्र की महिला आरक्षण, शौचालय निर्माण और तीन तलाक के खिलाफ किए गए फैसलों को भी महिला सशक्तिकरण से जोड़ा.
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तराखंड की महिलाओं के लिए विशेष घोषणा की. उन्होंने कहा कि 28 और 29 अगस्त को रोडवेज की बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. सरकार का कहना है कि इससे महिलाएं आसानी से अपने मायके और परिवार के लोगों से मिलने जा सकेंगी. धामी ने उम्मीद जताई कि यह सुविधा त्योहार के दौरान महिलाओं की यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाएगी.