menu-icon
India Daily

CM धामी ने हरिपुर कालसी में किया यमुना की भव्य प्रतिमा का अनावरण, 2100 दीपों से जगमगाया घाट; मंदिर की रखी नींव

उत्तराखंड के हरिपुर कालसी में मां यमुना की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण और नए घाट का लोकार्पण किया गया. यमुना तट पर 2,100 दीप जलाए गए. क्षेत्र में यमुना-कृष्ण मंदिर की नींव भी रखी गई.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
CM धामी ने हरिपुर कालसी में किया यमुना की भव्य प्रतिमा का अनावरण, 2100 दीपों से जगमगाया घाट; मंदिर की रखी नींव
Courtesy: social media

देहरादून: उत्तराखंड के हरिपुर कालसी में यमुना तट पर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया स्वरूप देने की दिशा में कई काम शुरू हुए हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण किया और हरि घाट का लोकार्पण किया. इस दौरान यमुना-कृष्ण मंदिर का शिलान्यास भी किया गया. कार्यक्रम में संतों, धर्मगुरुओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए.

यमुना तट पर 2,100 दीपों से जगमगाया हरिपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर यमुना किनारे ‘लैंप ऑफ ब्लेसिंग्स’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री धामी ने भी दीप जलाकर राज्य के लोगों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. संतों, धार्मिक नेताओं और श्रद्धालुओं ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. यमुना तट पर एक साथ 2,100 दीप जलने से पूरा घाट रोशनी से जगमगा उठा. सरकार के अनुसार ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना भी है.

हनोळ मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये मंजूर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र के विकास पर सरकार लगातार काम कर रही है. इसी क्रम में हनोळ मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इससे धार्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे को विकसित करने में मदद मिलेगी. इसके अलावा लाखामंडल और जौनसार क्षेत्र के दूसरे ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है.

धार्मिक पर्यटन से स्थानीय लोगों को रोजगार की उम्मीद

हरिपुर कालसी को धार्मिक पर्यटन से जोड़ने की योजनाओं का असर स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है. पर्यटन बढ़ने पर होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन और खान-पान जैसी गतिविधियों में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं. सरकार का कहना है कि विकास के साथ जौनसार-बावर की लोकसंस्कृति, परंपराओं और विरासत को सुरक्षित रखना भी जरूरी है. हरिपुर में यमुना घाट का विकास इसी व्यापक योजना का हिस्सा माना जा रहा है.

हरिपुर को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने पर जोर

हरिपुर में यमुना घाट और प्रतिमा के विकास के साथ यमुना-कृष्ण धाम से जुड़ी धार्मिक गतिविधियों को भी आगे बढ़ाने की तैयारी है. हालिया रिपोर्टों के अनुसार यहां स्थापित मां यमुना की प्रतिमा 21 फीट ऊंची है और घाट का निर्माण मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने कराया है. क्षेत्र को यमुना के मैदानी इलाके में प्रवेश स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम हो रहा है.