देहरादून: उत्तराखंड ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए नवाचार और तकनीकी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है. देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने 'आरोही' इनक्यूबेटर और AI न्यूज़लेटर का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य केवल तकनीक अपनाना नहीं, बल्कि युवाओं और छात्रों के नवाचार को मंच देकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है.
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को विकास का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए कई नई पहल शुरू की हैं. उन्होंने बताया कि सबसे पहले लोक भवन में AI लैब स्थापित की गई. इसके बाद AI आधारित सुविधाओं से लैस विशेष वाहन के माध्यम से 'ऑपरेशन कल्कि' की शुरुआत की गई, ताकि आधुनिक तकनीक का लाभ दूरदराज के जिलों तक पहुंचाया जा सके.
राज्यपाल ने कहा कि 'ऑपरेशन कल्कि' का उद्देश्य केवल तकनीक का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में AI आधारित समाधान उपलब्ध कराना है. उनका मानना है कि यदि आधुनिक तकनीक गांवों तक पहुंचेगी तो शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और प्रशासन जैसे कई क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे. इससे प्रदेश के संतुलित विकास को भी नई गति मिलेगी.
उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन आरोही' के माध्यम से राज्यभर के छात्रों और युवा नवाचारकर्ताओं के विचारों को पहचानकर उन्हें इनक्यूबेशन की सुविधा दी जाएगी. कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने 10 स्टार्टअप्स की प्रगति की समीक्षा भी की. उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी AI और मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए रोजमर्रा की समस्याओं का समाधान विकसित कर रहे हैं, जो भविष्य के लिए उत्साहजनक संकेत है.
राज्यपाल ने उत्तराखंड के युवाओं की तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी ने AI की चुनौतियों को अवसर में बदलने का प्रयास किया है. कई छात्रों ने उपयोगी एप्लिकेशन विकसित किए हैं, जिनसे समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान खोजने की दिशा में सार्थक पहल हुई है. कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया.
गुरमीत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड नवाचार, स्टार्टअप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नई पहचान बनाए. उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की प्रतिभा और आधुनिक तकनीक का समन्वय प्रदेश को भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करेगा. उन्होंने सभी छात्रों और स्टार्टअप्स से नए विचारों पर लगातार काम करने और समाज के हित में तकनीक का उपयोग करने का आह्वान किया.