देहरादून: उत्तराखंड के लोगों को एक साथ दो बड़ी खुशखबरी मिली है. पहली खबर यह है कि आज से देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है. दूसरी महत्वपूर्ण खबर यह है कि एक सितंबर से देहरादून से चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी के लिए हिमगिरी बस सेवा शुरू होने जा रही है.
आज से देहरादून-रामनगर एक्सप्रेसवे ट्रेन चलने लगी है. यह ट्रेन हर हफ्ते बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी. यात्रियों में इस ट्रेन को लेकर काफी उत्साह है. पहली यात्रा के लिए रामनगर से देहरादून आने वाली सेकेंड सीटिंग क्लास की सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं.
किराया भी किफायती रखा गया है. सेकेंड सीटिंग का किराया सिर्फ 135 रुपये है. स्लीपर क्लास के लिए 215 रुपये, एसी चेयर कार के लिए 460 रुपये, एसी थ्री टियर के लिए 520 रुपये और एसी टू टियर का किराया 725 रुपये तय किया गया है. इससे आम यात्रियों को सफर आसान और सस्ता मिलेगा.
दूसरी ओर पर्वतीय जिलों के यात्रियों के लिए और अच्छी खबर है. गढ़वाल मंडल ऑनर्स (जीएमओ) एक सितंबर से देहरादून से चमोली, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जिलों के लिए अपनी नई बस सेवा 'हिमगिरी' शुरू करने जा रहा है. पहले चरण में रोजाना 11 बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा.
अब तक देहरादून से पर्वतीय क्षेत्रों के लिए मुख्य रूप से टीजीएमओ की विश्वनाथ बस सेवा चलती थी, जो ज्यादातर टिहरी और उत्तरकाशी तक सीमित थी. जीएमओ की बसों के पास पहले सिर्फ ऋषिकेश तक का परमिट था. अब राज्य परिवहन प्राधिकरण से देहरादून तक का परमिट मिलने के बाद रूट सर्वे शुरू कर दिया गया है.
जीएमओ के पर्यटन अधिकारी अनिल बरगली ने बताया कि एक सितंबर से नियमित संचालन शुरू हो जाएगा. सर्वे पूरा होते ही किराया तय कर दिया जाएगा. हिमगिरी एक्सप्रेस भुड्डी गांव के पास चांदनी चौक से चलेगी. यह बड़ोवाला और शिमला बाईपास होते हुए आईएसबीटी पहुंचेगी. कुछ बसें ऋषिकेश और कुछ हरिद्वार होते हुए जाएंगी.
ये बसें चमोली में जोशीमठ, गोपेश्वर और ग्वालदम; रुद्रप्रयाग में ऊखीमठ और पोखरी; तथा पौड़ी में थलीसैंण, बीरोंखाल और पौड़ी तक जाएंगी. इससे आम यात्रियों, स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी. पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.