menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, सीएम धामी ने SDRF और NDRF समेत जिला प्रशासन को सतर्क रहने के दिए निर्देश

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन, SDRF, NDRF और जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट, सीएम धामी ने SDRF और NDRF समेत जिला प्रशासन को सतर्क रहने के दिए निर्देश
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सुबह सचिव आपदा प्रबंधन को तत्काल प्रभाव से हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के आदेश दिए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए सभी संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. बचाव दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है ताकि लोगों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे.

सीएम धामी ने क्या की है अपील?

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों से भी मौसम को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, तब तक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल अत्यंत जरूरी होने पर ही यात्रा करें. विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों, नदी नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है.

मुख्यमंत्री ने क्या दिए हैं निर्देश?

मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि नदी, नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से तुरंत संपर्क करें. मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित एजेंसियां चौबीसों घंटे निगरानी कर रही हैं.

प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन, जलभराव और सड़क बाधित होने की आशंका बनी हुई है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है. सरकार का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.