देहरादून के सहस्रधारा रोड पर नालापानी चौक के पास एक महिला के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है. आरोप है कि काले रंग की Swift कार में सवार युवकों ने स्कूटी से घर लौट रही महिला को रोककर जबरन कार में खींचने की कोशिश की. महिला के शोर मचाने और आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से जानकारी लेकर जांच शुरू की. पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अपहरण के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:50 बजे सहस्रधारा रोड स्थित कानन कुंज इलाके की रहने वाली महिला अपनी बेटी को नालापानी चौक पर स्कूल बस में बैठाने गई थी. बेटी को बस में बैठाने के बाद वह स्कूटी से घर वापस लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में एक काले रंग की Swift कार महिला के पास आकर रुकी. आरोप है कि कार सवार युवकों ने महिला को रोक लिया और उसे जबरन कार के अंदर खींचने का प्रयास किया.
बताया जा रहा है कि कार में तीन से चार युवक मौजूद थे. महिला ने जब खुद को बचाने के लिए शोर मचाया तो आसपास के लोगों का ध्यान घटना की तरफ गया. लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद कार सवार युवक वहां से भाग निकले. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला से घटना की जानकारी ली.
मामले की जांच के दौरान पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय वहां कौन-कौन से वाहन मौजूद थे और काली Swift कार किस रास्ते से आई तथा घटना के बाद किस दिशा में गई. CCTV फुटेज के जरिए कार और उसमें सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं. ये टीमें घटनास्थल के अलावा आसपास के रास्तों और संभावित रूट पर भी जांच कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.