पंजाब के शंभू थाना क्षेत्र में पुलिस की ओर से की जा रही नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप गाड़ी को संदेह के आधार पर रोका गया. पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में पनीर रखा मिला. जांच के दौरान पिकअप से कुल 547 किलो पनीर बरामद किया गया.
एएसआइ बलविंदर सिंह के अनुसार, वाहन की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उसे रोककर जांच की गई थी. पनीर की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया.
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि जांच के दौरान वाहन चालक पनीर की खरीद, बिक्री या सप्लाई से संबंधित बिल और पुख्ता रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका. इसके चलते पनीर की गुणवत्ता और उसकी सप्लाई से जुड़े स्रोत को लेकर संदेह पैदा हुआ. पूछताछ में चालक ने बताया कि पनीर की यह खेप नरवाना की ओर से लाई जा रही थी. हालांकि, खेप से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण अधिकारियों ने इसे जांच के दायरे में लिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने बरामद पनीर को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया. इसके बाद पनीर के सैंपल लिए गए और उन्हें गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल पनीर के संदिग्ध होने की स्थिति को जांच रिपोर्ट के आधार पर ही स्पष्ट किया जाएगा. प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि बरामद पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है या नहीं.
स्वास्थ्य विभाग और फूड सेफ्टी अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल 547 किलो पनीर को विभाग ने सुरक्षित कब्जे में रखा है और सैंपल की जांच का इंतजार किया जा रहा है.