देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर श्री तुंगनाथ धाम का एक मनमोहक वीडियो साझा करते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को देवभूमि उत्तराखंड आने पर इस पवित्र धाम के दर्शन करने का संदेश दिया है. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भगवान शिव को समर्पित श्री तुंगनाथ मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि हिमालय की मनोरम वादियों में स्थित प्राकृतिक सौंदर्य का भी अद्भुत उदाहरण है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले में स्थित श्री तुंगनाथ मंदिर पंच केदारों में से एक प्रमुख धाम है. यह मंदिर सदियों से शिव भक्तों की आस्था का केंद्र रहा है और हर वर्ष देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि यह पवित्र धाम आध्यात्मिक शांति, सनातन परंपराओं और हिमालय की दिव्य छटा का अनूठा संगम प्रस्तुत करता है.
रुद्रप्रयाग जनपद में स्थित भगवान शिव को समर्पित श्री तुंगनाथ मंदिर पंचकेदार में से एक है। हिमालय की मनोरम पर्वत श्रृंखलाओं के मध्य अवस्थित यह पावन धाम आध्यात्मिक आस्था, सनातन परंपरा और अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य का अनुपम संगम है। देवभूमि उत्तराखंड की यात्रा के दौरान श्री तुंगनाथ… pic.twitter.com/4qurdWUWGd
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 31, 2026
अपने संदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि जब भी वे देवभूमि उत्तराखंड की यात्रा करें, तो श्री तुंगनाथ धाम अवश्य जाएं और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें. उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक अनुभव ही नहीं, बल्कि प्रकृति के करीब पहुंचने और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करने का भी श्रेष्ठ अवसर है.
श्री तुंगनाथ मंदिर अपनी प्राचीन वास्तुकला, धार्मिक महत्व और ऊंचाई पर स्थित होने के कारण विशेष पहचान रखता है. मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर पर्वतीय मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है. यात्रा के दौरान हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां, हरे भरे बुग्याल और शांत वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करते हैं.
उत्तराखंड सरकार लगातार राज्य में धार्मिक पर्यटन और तीर्थ स्थलों के विकास को बढ़ावा दे रही है. चारधाम यात्रा के साथ साथ पंच केदार यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु राज्य के प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सकें. सरकार का मानना है कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी बढ़ेंगे.
मुख्यमंत्री द्वारा साझा किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सोशल मीडिया उपयोगकर्ता वीडियो को साझा कर रहे हैं और श्री तुंगनाथ धाम की दिव्यता तथा प्राकृतिक सुंदरता की सराहना कर रहे हैं. सरकार को उम्मीद है कि इस तरह के प्रयासों से उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन स्थलों की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी.