menu-icon
India Daily

चारधाम यात्रा को लेकर धामी का बड़ा एक्शन प्लान, सुरक्षा से लेकर हेली टिकट तक सख्त निर्देश

चारधाम यात्रा में अब तक 50.56 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुरक्षा, मौसम, रेस्क्यू, चिकित्सा और हेली सेवाओं को लेकर अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
चारधाम यात्रा को लेकर धामी का बड़ा एक्शन प्लान, सुरक्षा से लेकर हेली टिकट तक सख्त निर्देश

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बढ़ते दबाव के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को व्यवस्थाओं की समीक्षा की. दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में उन्होंने जिलाधिकारियों से यात्रा मार्गों, सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात की स्थिति जानी. अधिकारियों ने बताया कि 14 सितंबर तक 66,07,749 यात्रियों का पंजीकरण हो चुका था और 50,56,160 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे. धामी ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

मौसम और भूस्खलन वाले इलाकों पर नजर

मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर मौसम और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों की लगातार निगरानी के निर्देश दिए. संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल और रेस्क्यू संसाधन रखने को कहा गया. केदारनाथ मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया. जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव अभियान शुरू करने की व्यवस्था रखने को भी कहा गया.

यमुनोत्री और गंगोत्री मार्ग पर फोकस

धामी ने यमुनोत्री धाम से करीब 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने और डंडी कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने को कहा. खरसाली से वैकल्पिक मार्ग बनाने तथा सूर्यकुंड क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण पर भी जोर दिया. यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण और गंगोत्री मार्ग को चौड़ा करने व गड्ढामुक्त करने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

हेली टिकटों की कालाबाजारी पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं के टिकट तय दरों पर उपलब्ध कराने को कहा. निर्धारित कीमत से ज्यादा वसूली या अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए. मौसम को ध्यान में रखते हुए हेली सेवाएं संचालित करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया. साथ ही यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाएं और मोबाइल नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों में आपात संचार व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया.

बदरीनाथ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु

14 सितंबर तक बदरीनाथ में 17,36,619, केदारनाथ में 14,98,544, गंगोत्री में 7,89,773 और यमुनोत्री में 7,08,407 श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे. हेमकुंड साहिब में 3,22,817 श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज हुई. धामी ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं के औचक निरीक्षण और घोड़े खच्चरों के संचालन में तय मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा.