menu-icon
India Daily

देहरादून में जीजा ने छिपाया HIV संक्रमण, बहन की मौत के बाद भाई ने खोला फर्जी मेडिकल रिपोर्ट का राज

देहरादून में एक महिला की मौत के बाद उसके भाई ने जीजा पर एचआईवी संक्रमण छिपाने, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट भेजने और बीमारी की जानकारी न देने का आरोप लगाया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
देहरादून में जीजा ने छिपाया HIV संक्रमण, बहन की मौत के बाद भाई ने खोला फर्जी मेडिकल रिपोर्ट का राज
Courtesy: X

देहरादून से आए एक मामले ने रिश्तों में भरोसे और जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहन की मौत के बाद उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने एचआईवी जैसी गंभीर बीमारी की जानकारी छिपाई, जांच से बचने की कोशिश की और परिजनों को गुमराह करने के लिए कथित तौर पर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तक भेज दी. पुलिस जांच में जुट गई है.

बीमारी का पता चलने के बाद बढ़ा संदेह

शिकायत के अनुसार, इस कहानी की शुरुआत तब हुई जब महिला की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई. 14 फरवरी 2026 को परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान डॉक्टरों ने कई जांच कराईं, जिनमें यह सामने आया कि महिला एचआईवी संक्रमण से पीड़ित थी. महिला के भाई का कहना है कि इसके बाद उन्होंने अपने बहनोई और उसके बेटे से भी जांच कराने का आग्रह किया लेकिन दोनों अस्पताल से बहाना बनाकर चले गए. यहीं से परिवार के मन में शक और गहरा होने लगा.

अस्पताल में चलती रही जंग

परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही और उसे वेंटिलेटर तक पर रखना पड़ा. ऐसे कठिन समय में परिवार को उम्मीद थी कि उसका पति अस्पताल पहुंचेगा. जब परिजनों ने फोन पर संपर्क किया तो आरोपी ने बताया कि वह अपना मेडिकल टेस्ट करा रहा है. दूसरी ओर अस्पताल में महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी.

मौत के बाद सामने आया नया दावा

इलाज के दौरान 2 मार्च 2026 को महिला की मृत्यु हो गई. बहन की मौत के बाद उसके भाई ने आरोपी द्वारा कराए गए कथित मेडिकल परीक्षण की जानकारी जुटानी शुरू की. आरोप है कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने कोई टेस्ट कराया ही नहीं था. शिकायतकर्ता का कहना है कि परिवार को भरोसा दिलाने के लिए उसने वाट्सएप पर एक मेडिकल रिपोर्ट भेजी, जो बाद में फर्जी होने का दावा किया गया.

पुलिस का बयान

पीड़ित पक्ष की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया. उनके निर्देश पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी सहायक अध्यापक के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.