menu-icon
India Daily

क्या होता है जिलेटिन रॉड? अल्मोड़ा में सरकारी स्कूल के पास से किए थे बरामद, आतंकी कनेक्शन का शक!

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सल्ट तहसील के डबरा स्थित एक सरकारी स्कूल के पास शुक्रवार रात 161 जिलेटिन की छड़ें बरामद की गईं. यह घटना दिल्ली में हुए बम धमाकों के एक महीने बाद हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

princy
Edited By: Princy Sharma
क्या होता है जिलेटिन रॉड? अल्मोड़ा में सरकारी स्कूल के पास से किए थे बरामद, आतंकी कनेक्शन का शक!
Courtesy: Pinterest

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक खौफनाक घटना सामने आई है. सल्ट तहसील के डबरा स्थित एक सरकारी स्कूल के पास शुक्रवार रात 161 जिलेटिन की छड़ें बरामद की गईं. यह घटना दिल्ली में हाल ही में हुए बम धमाकों के ठीक एक महीने बाद हुई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिलेटिन की छड़ों को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

शुक्रवार देर रात अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देवेंद्र पिंचा ने बताया कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने पुलिस को सूचना दी कि विद्यार्थियों ने खेलते वक्त झाड़ियों में कुछ संदिग्ध वस्तु देखी. इसके बाद सल्ट पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और वहां से 161 जिलेटिन की रॉड बरामद की. पुलिस ने बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया ताकि स्थिति का सही आकलन किया जा सके. 

जिलेटिन की छड़ से क्या होता है?

पुलिस ने बताया कि जिलेटिन की छड़ें आमतौर पर सड़क निर्माण कार्यों में पत्थर तोड़ने के लिए इस्तेमाल की जाती हैं, लेकिन यह सवाल अब उठ रहा है कि ये छड़ें यहां कैसे पहुंची और इन्हें किसने लाया. एसएसपी देवेंद्र पिंचा ने पुष्टि की कि इस संबंध में थाना सल्ट में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन जिलेटिन की छड़ों का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जा सकता था.

SSP ने की अपील 

घटना के बाद इलाके में लोगों में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है. कुछ लोग यह सवाल कर रहे हैं कि क्या इन विस्फोटक पदार्थों का इस्तेमाल उत्तराखंड में किसी बड़े हमले या साजिश के लिए किया जा रहा था. हालांकि, एसएसपी ने इलाके के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जांच के दौरान जो भी जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा.

पुलिस की जांच तेज 

पुलिस ने लोगों से यह भी अनुरोध किया है कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी असामाजिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि इस तरह की घटनाओं को भविष्य में रोका जा सके.