रुड़की: रुड़की में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां बीच सड़क एक महिला के साथ अश्लील हरकतें की गईं और विरोध करने पर उसके पति की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. घटना के बाद इलाके में हंगामा मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस को मामले में शिकायत दे दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है.
यह घटना गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार एक युवक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रामनगर इलाके में खरीदारी करने गया था. इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और सड़क किनारे खड़े होकर महिला को घूरने लगे. आरोप है कि उन्होंने महिला की तरफ अश्लील इशारे भी किए, जिससे वह असहज हो गई.
महिला ने तुरंत इस बारे में अपने पति को बताया. पति ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी युवक भड़क गए और गाली गलौज शुरू कर दी. मामला बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया. तीनों युवकों ने मिलकर पति को सड़क पर ही पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हो गए.
हंगामा बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने बीच बचाव किया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की. कुछ देर के लिए भीड़ ने उन्हें घेर भी लिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई. पीड़ित परिवार से भी बातचीत की गई. पति की ओर से थाने में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बीच सड़क इस तरह की हरकत और फिर विरोध करने पर मारपीट की घटना ने लोगों में डर और गुस्से का माहौल बना दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है.