menu-icon
India Daily

चारधाम यात्रा से पहले आया बड़ा अपडेट, कॉमर्शियल वाहनों के लिए आज से बनेंगे ग्रीन कार्ड; जानें क्या-क्या है जरूरी

चारधाम यात्रा के लिए व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनना शुरू हो गया है. परिवहन विभाग ने कई केंद्रों पर व्यवस्था की है और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल भुगतान और तकनीकी जांच अनिवार्य की गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
चारधाम यात्रा से पहले आया बड़ा अपडेट, कॉमर्शियल वाहनों के लिए आज से बनेंगे ग्रीन कार्ड; जानें क्या-क्या है जरूरी
Courtesy: Pinterest

देहरादून: परिवहन विभाग ने चार धाम यात्रा से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली है. आज से चार धाम मार्गों पर चलने वाले कमर्शियल यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने का काम शुरू हो जाएगा. ग्रीन कार्ड देहरादून में आशारोड़ी चेक पोस्ट पर, साथ ही विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार और रुड़की में ARTO कार्यालयों में जारी किए जाएंगे.

इसके अलावा 15 अप्रैल से रुड़की में नरसन चेक पोस्ट पर भी ग्रीन कार्ड जारी किए जाएंगे. RTO ने ARTO को निर्देश दिया है कि इन ग्रीन कार्डों को जारी करने में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए. वर्ष 2025 में लगभग 32,000 कमर्शियल यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी किए गए थे.

कब से शुरू होगी चारधाम यात्रा?

चार धाम यात्रा 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर यमुनोत्री और गंगोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ शुरू होने वाली है. केदारनाथ और बद्रीनाथ धामों के कपाट क्रमशः 22 अप्रैल और 23 अप्रैल को खुलने निर्धारित हैं. जिसके वजह से स्थानीय वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के प्रवेश से पहले जारी किए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि स्थानीय चालकों को कतारों में लंबा इंतजार न करना पड़े.

वाहन चालकों के लिए क्या है निर्देश?

वाहन चालकों को ग्रीन कार्ड प्राप्त करने के लिए अपने वाहन साथ लाने होंगे. ग्रीन कार्ड तभी जारी किया जाएगा जब वाहन के दस्तावेज पूरे हों. इसके साथ ही वाहन का तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा. यदि दस्तावेज़ों में कोई विसंगति पाई जाती है, या तकनीकी निरीक्षण के दौरान कोई कमी पाई जाती है, तो उस वाहन के लिए ग्रीन कार्ड जारी करना रोक दिया जाएगा.

ग्रीन कार्ड जारी करने के लिए निर्धारित सभी कार्यालयों और चेक पोस्टों पर, तकनीकी टीमों के साथ-साथ विशेष प्रशासनिक टीमों को भी तैनात किया गया है. प्रतिदिन जारी किए गए ग्रीन कार्डों की संख्या से संबंधित जानकारी RTO को जमा करना अनिवार्य है. 

कौन करेगा सेवाओं का उद्घाटन?

आज परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा हरिद्वार ARTO कार्यालय में ग्रीन कार्ड काउंटर का उद्घाटन करेंगे. परिवहन विभाग ने इस कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. RTO प्रशासन ने कमर्शियल वाहन चालकों के लिए QR कोड और UPI भुगतान की सुविधा शुरू की है.

क्या है इसका उद्देश्य?

इस पहल का उद्देश्य ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और सरकारी खजाने में सीधे धनराशि जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाना है. इसके अलावा, चालकों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS भेजकर ग्रीन कार्ड जारी होने की सूचना दी जाएगी.

RTO संदीप सैनी ने क्या बताया?

आज से गढ़वाल मंडल के सभी RTO कार्यालयों में ग्रीन कार्ड जारी करने का काम शुरू हो जाएगा. ग्रीन कार्ड प्राप्त करने के लिए चालकों को अपने वाहन भी साथ लाने होंगे. वाहन का तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा. यदि निरीक्षण के दौरान कोई कमी पाई जाती है, तो चालक को ग्रीन कार्ड जारी नहीं किया जाएगा.