menu-icon
India Daily

देहरादून: H1N1 के बढ़ते मामलों के बीच डेंगू और कोविड ने भी बढ़ाई चिंता, संक्रमितों की संख्या 641 पार

देहरादून में H1N1 के 15 नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 641 हो गई है. इनमें 428 मरीज देहरादून से हैं और 39 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
देहरादून: H1N1 के बढ़ते मामलों के बीच डेंगू और कोविड ने भी बढ़ाई चिंता, संक्रमितों की संख्या 641 पार
Courtesy: Pinterest

देहरादून में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, 80 सैंपल की जांच में 15 मरीजों में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई है. नए मामलों के सामने आने के बाद प्रदेश में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 641 पहुंच गई है.

कुल 641 संक्रमित मरीजों में 428 मरीज देहरादून के हैं, जबकि 213 मरीज प्रदेश के अन्य जिलों से हैं. वर्तमान में 39 मरीज अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 600 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि दो मौतों को डेथ ऑडिट के बाद दर्ज किया गया है.

पुरुष मरीजों की संख्या ज्यादा

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सामने आए 641 H1N1 संक्रमित मरीजों में 339 पुरुष और 302 महिलाएं हैं. स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और मरीजों की जांच व उपचार किया जा रहा है.

कोविड का भी मिला एक नया मामला

देहरादून में कोविड-19 का भी एक नया मामला सामने आया है. अब तक जिले में 1,060 सैंपल की जांच की जा चुकी है, जिसमें कुल 57 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. इनमें 29 मरीज देहरादून और 28 मरीज प्रदेश के अन्य जिलों से हैं. रिपोर्ट के अनुसार 56 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं.

डेंगू के दो नए मरीज मिले

देहरादून में डेंगू के भी दो नए मरीज सामने आए हैं. शुक्रवार को 45 सैंपल की जांच की गई, जिसमें दो मरीजों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई. इसके बाद प्रदेश में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 222 पहुंच गई है.

कुल डेंगू संक्रमितों में 109 मरीज देहरादून और 113 मरीज अन्य जिलों के हैं. वर्तमान में 19 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि अब तक 203 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में H1N1, डेंगू और कोविड के मामलों पर लगातार निगरानी की जा रही है.