menu-icon
India Daily

ट्रेन छूटने की बात कहकर गायब हुए युवक-युवती, 24 घंटे बाद नहर में मिले शव

फिरोजाबाद जिले में एक रहस्यमयी घटना ने लोगों को चौंका दिया है. एटा जिले का एक युवक मुंबई जाने के लिए घर से निकला. आगरा कैंट स्टेशन से फोन करके उसने बताया कि उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया.

antima
Edited By: Antima Pal
ट्रेन छूटने की बात कहकर गायब हुए युवक-युवती, 24 घंटे बाद नहर में मिले शव
Courtesy: (Representational)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक रहस्यमयी घटना ने लोगों को चौंका दिया है. एटा जिले का एक युवक मुंबई जाने के लिए घर से निकला. आगरा कैंट स्टेशन से फोन करके उसने बताया कि उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया. परिवार को लगा कि वह किसी दूसरी ट्रेन से चला गया होगा, लेकिन अगले दिन उसका शव नहर में मिला. उसके साथ एक महिला का शव भी बरामद हुआ.

मामला शिकोहाबाद थाना क्षेत्र का है. शुक्रवार शाम नगला प्रभु गांव के पास भुड़ा नहर में दो शव पानी में तैरते दिखाई दिए. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नहर से बाहर निकाला. 

युवक की पहचान

पुलिस ने युवक की शिनाख्त एटा जिले के सेनुआ गांव निवासी 26 वर्षीय जितेंद्र के रूप में की. उसके पास से मिले आधार कार्ड और पर्स से पहचान आसान हुई. जितेंद्र मुंबई में अपने भाई के साथ शटरिंग मजदूरी का काम करता था. बुधवार को वह घर से मुंबई जाने के लिए निकला था. 

परिवार के अनुसार रास्ते में जितेंद्र ने आगरा कैंट स्टेशन से फोन कर बताया कि उसकी ट्रेन छूट गई है. इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका. परिवार वाले बार-बार फोन लगाते रहे, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था. जब नहर में शव मिलने की खबर आई तो पूरा परिवार सदमे में है.

महिला की पहचान अभी बाकी

नहर से मिले दूसरे शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. पुलिस महिला की शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी.

पुलिस जांच में कई सवाल

फिरोजाबाद के क्षेत्राधिकारी अमरीश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जितेंद्र और उस महिला के बीच क्या संबंध था. क्या दोनों साथ थे? क्या यह हादसा था, आत्महत्या थी या फिर कोई आपराधिक साजिश? पुलिस दोनों के मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और आगरा स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है.