menu-icon
India Daily

जितने रुपये में खरीद लेंगे हेलीकॉप्टर, नोएडा के एक घर में आया उतना बिजली बिल, बिजली विभाग भी हैरान!

नोएडा में एक हैरान कर देने वाला केस सामने आया है. 1490 रुपये प्रति माह, जिस घर में बिल आता हो, वहां अचानक 4 करोड़ रुपये का बिल आ गया है. एक आम आदमी अपनी सारी प्रॉपर्टी भी बेच दे तो इसे न चुका पाए. अधिकारी, इस बिल को लेकर जमकर ट्रोल हो रहे हैं. क्या है पूरा मामला, आइए जानते हैं.

India Daily Live
जितने रुपये में खरीद लेंगे हेलीकॉप्टर, नोएडा के एक घर में आया उतना बिजली बिल, बिजली विभाग भी हैरान!
Courtesy: Social Media

नोएडा के बसंत शर्मा, इन दिनों सुर्खियों में हैं. उनके मोबाइल पर गुरुवार को एक ऐसा मैसेज आया कि वे हैरान रह गए. उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ने उन्हें मैसेज किया कि आपके 3 महीने का बिजली का बिल बकाया है, जिसके लिए आपको 4 करोड़ रुपये भुगतान करने होंगे. यह मैसेज जैसे ही बसंत शर्मा ने देखा तो उन्होंने सिर पीट लिया. इतना बिजली का बिल तो बड़े-बड़े उद्योगों का नहीं आता. इतने पैसे में इंसान हेलीकॉप्टर खरीद लेगा, हर महीने लाखों कमाएगा, जितना बिल आया है.

बसंत शर्मा, सेक्टर 122 के श्रमिक कुंज में रहने वाले हैं. वे इंडियन रेलवे के कर्मचारी हैं और उनकी ट्रेनिंग शिमला में चल रही है. गुरुवार को करीब दिन में 11 बजकर 30 मिनट पर उन्हें एक मैसेज मिला. मैसेज, उनकी पत्नी प्रियंका शर्मा के नाम से आया था. उनके बिजली का बिल 4 करोड़ रुपये बकाया है.  

4 करोड़ रुपये का आया बिजली बिल

आमतौर पर हर महीने उनके बिजली का बिल 1490 रुपये आता था लेकिन इस बार का बिजली का बिल, हैरान कर देने वाला था. मैसेज में उन्हें ₹4,02,31,842 रुपये भुगतान के लिए कहा गया. यह रकम, उनके जीवनभर की पूंजी से कहीं ज्यादा है. 

रेंट पर दिया था घर, आया करोड़ों का बिजली बिल

बसंत शर्मा का कहना है कि उन्होंने अपना घर रेंट पर दिया है. जब उन्होंने अपने किराएदार को इसके बारे में बताया तो उसने कहा कि वह सामान्य उपकरणों का इस्तेमाल करता है. मैसेज में कहा गया कि किसी भी कीमत पर ये बिल 24 जुलाई से पहले भर दिया जाना चाहिए. उन्हें ऐसा करने पर ₹2,84,969.88 रुपये की छूट मिलेगी.

क्या है बिजली विभाग की सफाई?

उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के एग्जिक्युटिव इंजीनियर शिवा त्रिपाठी ने इंडियन एक्सप्रेस के साथ बातचीत में कहा, 'यह एक सिस्टम जनरेटेड मैसेज है. कुछ तकनीकी खामियों की वजह से ऐसा मैसेज गया है. हमारे सिस्टम में बिल होल्ड पर है.'

विभाग ने ऐसे ठीक की अपनी गलती

इंजीनियर ने यह भी कहा कि उन्हें बसंत शर्मा से कोई शिकायत नहीं मिली है. शिवा त्रिपाठी ने कहा कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के मुखिया ने विभाग के बिजली के बिल के बारे में बताया है. बिल पर रोक लगा दी गई है. 26,000 रुपये का नया बिल बसंत शर्मा के पास भेजा गया है.

क्या है लोगों का रिएक्शन

रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन उमेश शर्मा का कहना है कि बसंत शर्मा को बिजली के बिल के बारे में हमने ही सूचना दी थी. वे परेशान हो गए थे और इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के संपर्क में आ गए थे. हमने तत्काल कहा कि इसे दुरुस्त करने की जरूरत है. इस पर बिजली विभाग ध्यान दे.