menu-icon
India Daily

'इस बजट ने इतना कुछ दिया है जो कांग्रेस कभी नहीं दे पाई...', सीएम सैनी ने बोला विपक्ष पर हमला, PM को दिया धन्यवाद

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को राज्य के विकास के लिए मजबूत बताया है. उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास, रोज़गार, कृषि और उद्योग को नई दिशा देगा और हरियाणा की प्रगति को गति देगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'इस बजट ने इतना कुछ दिया है जो कांग्रेस कभी नहीं दे पाई...', सीएम सैनी ने बोला विपक्ष पर हमला, PM को दिया धन्यवाद
Courtesy: @ANI X account

चण्डीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को हरियाणा के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है. उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं. उन्होंने इस बजट में हरियाणा को इतना कुछ दिया है, जो कांग्रेस कभी नहीं कर सकती थी. कांग्रेस को इस तरह लोगों को गुमराह नहीं करना चाहिए. कांग्रेस नेताओं को पहले इस बजट को समझना चाहिए और फिर इस पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए.'

उन्होंने आगे कहा कि यह बजट राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, उद्योग और युवा रोजगार को नई दिशा और नई ऊर्जा देगा. साथ ही यह बजट तीन प्रमुख प्रतिबद्धताओं से प्रेरित है. आर्थिक विकास को गति देना, लोगों की क्षमताओं और आकांक्षाओं का निर्माण करना और 'सबका साथ-सबका विकास' की भावना. इसका सीधा फायदा हरियाणा के युवाओं, किसानों, महिलाओं, MSMEs और कामकाजी वर्ग को मिलेगा.

केंद्रीय बजट पर सीएम ने और क्या कहा?

सैनी ने कहा कि केंद्रीय बजट पिछले साल की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है. यह बढ़ा हुआ पूंजीगत व्यय हरियाणा जैसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों के लिए वरदान साबित होगा. हरियाणा में IMT खरखौदा, मानेसर और अन्य क्षेत्रों में नए निवेश आएंगे, जिससे लाखों रोजगार के अवसर पैदा होंगे. RIDF और UIDF में वृद्धि से ग्रामीण और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी मजबूत होगा.

बजट में किसपर दिया गया विशेष जोर?

सैनी ने कहा कि बजट में सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे हरियाणा के इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और विनिर्माण क्षेत्रों को काफी फायदा होगा. यह बजट नए निवेश, कौशल विकास और प्रौद्योगिकी हब के निर्माण में सहायता करेगा. MSMEs, स्टार्टअप्स और बायोफार्मा सेक्टर के लिए खास प्रावधानों से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के बेहतर मौके बनेंगे.

कृषि पर कैसा पड़ेगा असर?

उन्होंने कहा कि हरियाणा एक कृषि प्रधान राज्य है और यह बजट कृषि और ग्रामीण विकास पर खास ध्यान देता है. फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया है. इन प्रावधानों से हरियाणा के किसानों और कृषि उद्योगों को सीधा फायदा होगा. इसके अलावा, 'मेरा पानी–मेरी विरासत' जैसी राज्य की योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी.

बजट से और किन - किन क्षेत्रों में मिलेगा लाभ?

उन्होंने आगे कहा कि बजट में मेडिकल टूरिज्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कौशल विकास, कार्बन कैप्चर और कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग जैसे भविष्योन्मुखी क्षेत्रों पर भी ध्यान दिया गया है. महंगाई नियंत्रण, टैक्स सरलीकरण और मध्यम वर्ग को राहत देने के कदम भी हरियाणा के नागरिकों को फायदा पहुंचाएंगे. बायोफार्मा और लाइफ साइंसेज के लिए ₹10,000 करोड़ की एक नई पहल राज्य के हेल्थकेयर सेक्टर को मजबूत करेगी. सैनी ने कहा कि यह बजट 'विकसित भारत @2047' के विजन को साकार करने में हरियाणा को विकास इंजन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा.