menu-icon
India Daily

बेटियों को 25 हजार रुपये की मदद, बाल विवाह रोकने के लिए योगी सरकार चला रही दोहरी मुहिम

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को 25 हजार रुपये दे रही है. वहीं, बाल विवाह रोकने के लिए प्रदेशव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Anuj Kumar
Reported By: Anuj Kumar
बेटियों को 25 हजार रुपये की मदद, बाल विवाह रोकने के लिए योगी सरकार चला रही दोहरी मुहिम
Courtesy: Anuj Kumar

उत्तर प्रदेश में बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार दो स्तरों पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के जरिए बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता दी जा रही है. वहीं, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों को इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है.

बाल विवाह रोकने के लिए प्रदेशभर में अभियान

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लखनऊ, कानपुर, पीलीभीत समेत प्रदेश के सभी जिलों में 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है.

इसके साथ ही लोगों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090 और पुलिस सहायता नंबर 112 की जानकारी दी जा रही है. इसके अलावा एंबुलेंस सेवा 108, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है.

छह चरणों में मिलते हैं 25 हजार रुपये

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बालिकाओं को जीवन के छह महत्वपूर्ण पड़ावों पर कुल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इसका उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना और परिवारों को उनकी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है.

योजना के तहत बालिका के जन्म पर 5 हजार रुपये और एक साल तक सभी जरूरी टीकाकरण पूरा होने पर 2 हजार रुपये दिए जाते हैं. इसके बाद कक्षा एक में प्रवेश पर 3 हजार रुपये और कक्षा छह में दाखिले पर 3 हजार रुपये की सहायता मिलती है.

वहीं, कक्षा नौ में प्रवेश लेने पर 5 हजार रुपये और हाईस्कूल या इंटरमीडिएट पास करने के बाद डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिला लेने पर 7 हजार रुपये दिए जाते हैं.

29.43 लाख से अधिक बेटियों को मिला लाभ

महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति के मुताबिक, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना शुरू होने के बाद से अब तक 29.43 लाख से अधिक लाभार्थियों को इसका फायदा मिल चुका है. योजना के तहत आधार से जुड़े बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए 755.93 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि भेजी जा चुकी है.

उन्होंने बताया कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में जागरूकता कार्यक्रमों को गंभीरता से संचालित करने और निर्धारित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.