menu-icon
India Daily

काशी पहुंचे अनंत अंबानी ने खोला खजाना! बाबा विश्वनाथ को 5 करोड़ तो मां अन्नपूर्णा को दान किए 1 करोड़

देव दीपावली से पहले अनंत अंबानी ने वाराणसी के काशी विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन किया. उन्होंने दोनों मंदिरों को कुल 6 करोड़ रुपये दान किए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
काशी पहुंचे अनंत अंबानी ने खोला खजाना! बाबा विश्वनाथ को 5 करोड़ तो मां अन्नपूर्णा को दान किए 1 करोड़
Courtesy: X

वाराणसी में देव दीपावली के भव्य आयोजन से एक दिन पहले उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे और रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी काशी पहुंचे. उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने दोनों मंदिरों में कुल 6 करोड़ रुपये का दान दिया.

बाबा विश्वनाथ के दरबार में चढ़ाए 5 करोड़ रुपये

अनंत अंबानी सोमवार शाम अपने निजी विमान से वाराणसी पहुंचे थे. इसके बाद वह सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गए. यहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और जलाभिषेक के साथ पूजा-अर्चना की. उन्होंने करीब पांच मिनट तक मंदिर में पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा कल्याण की कामना की. इस दौरान अनंत अंबानी ने मंदिर न्यास को 5 करोड़ रुपये दान किए. मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र भेंट किए गए.

मां अन्नपूर्णा मंदिर में 1 करोड़ रुपये का दान

काशी विश्वनाथ मंदिर के बाद अनंत अंबानी मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे. यहां 21 ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने माता का षोडशोपचार पूजन और कुमकुमार्चन किया. इसके बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा के चरणों में 1 करोड़ रुपये अर्पित किए. साथ ही मंदिर के अन्नक्षेत्र में सहयोग देने का भरोसा भी जताया.

पहले भी कर चुके हैं काशी विश्वनाथ के दर्शन

अनंत अंबानी इससे पहले 16 जून 2026 को भी वाराणसी आए थे. उस दौरान भी उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दर्शन किए थे. अंबानी परिवार के सदस्य देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए पहुंचते रहते हैं. परिवार नवरात्र जैसे पर्व भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाता है.

क्या है देव दीपावली का धार्मिक महत्व?

काशी में हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली मनाई जाती है. इस अवसर पर गंगा के घाटों को लाखों दीपों से सजाया जाता है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और दीपदान के लिए पहुंचते हैं.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था. इस विजय की खुशी में देवताओं ने काशी आकर दीपोत्सव मनाया था. तभी से यहां देव दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है. इसी दिन सिख धर्म के पहले गुरु, गुरु नानक देव की जयंती भी मनाई जाती है, जिसे प्रकाश पर्व के रूप में मनाने की परंपरा है.