menu-icon
India Daily

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्कूल बस से टकराया ट्रक; 4 बच्चों की मौत

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बच्चों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी.

Shilpa Shrivastava
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्कूल बस से टकराया ट्रक; 4 बच्चों की मौत
Courtesy: X

कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहां तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बच्चों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में कम से कम चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पिकनिक से लौट रहे थे 50 बच्चे:

जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 50 छात्र और 6 शिक्षक सवार थे. सभी आगरा से कौशांबी पिकनिक मनाने गए थे और वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर 209 किलोमीटर के पास बस रुकी हुई थी. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में बैठे कई बच्चे घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.

क्या है पुलिस का कहना?

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार बताते हैं, ‘कौशाम्बी से लगभग 50 छात्रों और स्टाफ को लेकर आ रही एक स्कूल बस मथुरा से लौट रही थी. तभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 209वें किलोमीटर के पास, थठिया इलाके में एक ट्रक ने पीछे से बस को टक्कर मार दी. तिरवा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया. स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि मामूली रूप से घायल 22 बच्चों का इलाज तिरवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है…’

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल:

सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तिर्वा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल बच्चों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक चालक की क्या भूमिका रही, इसकी पड़ताल की जा रही है.