menu-icon
India Daily

UP Weather: यूपी में बदलने वाला है मौसम का मिजाज, जानें आने वाले दिनों में कैसे रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में शनिवार से बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के आसार हैं. लखनऊ और पूर्वी यूपी में बारिश कम होगी, जबकि दक्षिणी जिलों में मानसून सक्रिय रहेगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
UP Weather: यूपी में बदलने वाला है मौसम का मिजाज, जानें आने वाले दिनों में कैसे रहेगा मौसम
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 15 दिनों से जारी बारिश का सिलसिला अब कमजोर पड़ने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से लखनऊ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी. हालांकि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसून अभी भी सक्रिय रहेगा और वहां भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी.

गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 126 मिमी वर्षा इटावा में रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा बहराइच में 95 मिमी, मिर्जापुर में 90 मिमी और लखनऊ में इस मानसून सीजन की सबसे अधिक 78.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. 

अन्य जिलों में कैसी है स्थिति?

गोंडा, हमीरपुर, मैनपुरी, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज और सहारनपुर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई. लगातार हुई वर्षा से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राजधानी लखनऊ समेत पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है. कई स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल मानसून सक्रिय बना हुआ है, लेकिन शनिवार से इसकी सक्रियता में कमी आने लगेगी. लखनऊ और आसपास के इलाकों के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश का दौर थम सकता है. कई जगह बादलों के बीच धूप भी निकलने लगेगी, जिससे नमी बढ़ेगी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.

आने वाले दिनों में कैसे रहेगा मौसम?

मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. बीच बीच में धूप निकलने से गर्मी और उमस महसूस होगी. वहीं दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में मानसून सक्रिय रहने के कारण कहीं कहीं भारी बारिश जारी रह सकती है. ऐसे क्षेत्रों में जलभराव और स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बनी रहेगी.