UP Crime News: एक शख्स ने अपनी भतीजी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वो किसी और से शादी करना चाहती थी. मृतका और आरोपी के बीच मौसा, भांजी का रिश्ता था. दरअसल, शख्स और उसकी भतीजी के बीच दो साल से अफेयर था. भतीजी की शादी कहीं और फिक्स हो गई थी और वो शादी के लिए तैयार भी थी. जब उसने अपने मौसा से कहा कि वो इस रिश्ते से खुश और शादी करेगी. इतना कहने के बाद मौसा भड़क गया और उसने अपनी भतीजी की गला दबाकर हत्या कर दी.
हरदोई पुलिस के मुताबिक, आरोपी मणिकांत द्विवेदी को 22 साल की मानसी पांडेय की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. मणिकांत का अपनी भतीजी मानसी पांडेय के साथ अफेयर था. शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन बाद में मानसी को अपना फ्यूचर नहीं दिखा तो वो किसी और से शादी को तैयार हो गई, जहां उसके घऱवालों ने रिश्ता तय किया था.
पुलिस के मुताबिक, मणिकांत द्विवेदी ने भतीजी की हत्या के बाद उसकी लाश को एक बन रहे मकान में छिपा दिया था. पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी ने मानसी के मोबाइल को एक बस में रख दिया था. पुलिस के अनुसार, मृतका मानसी पांडेय रक्षाबंधन के मौके पर आरोपी के घर गई थी.
पुलिस ने बताया कि जब मानसी अपने मौसा के घर से नहीं लौटी, तो उन्होंने मामला दर्ज कराया. उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी मणिकांत द्विवेदी उसे भगाकर कहीं ले गया है. आरोपों के बाद पुलिस ने मणिकांत को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की तो उसने सारी कहानी बयां कर दी.
पूछताछ के दौरान मणिकांत ने पुलिस को बताया कि उसका मानसी के साथ पिछले दो साल से अफेयर चल रहा था. मानसी के पिता ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी और मानसी भी इस शादी से खुश थी. जब उसने मानसी से पूछा तो उसने कहा कि जहां घरवालों ने रिश्ता तय किया है, मैं वहीं शादी करूंगी. मानसी के इतना कहने के बाद उसे गुस्सा आ गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.
जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी मणिकांत की निशानदेही पर मानसी की लाश बरामद कर ली और पड़ताल में जुट गई. उधर, मृतका के पिता रामसागर पांडेय ने पुलिस को बताया कि रक्षाबंधन के मौके पर मानसी अपने मौसी के घर गई थी. रक्षाबंधन गुजरने के बाद मणिकांत ने फोन कर बताया कि मानसी कहीं भाग गई है और उसका फोन बंद है. इसके बाद रामसागर पांडेय ने मणिकांत के खिलाफ मामला दर्ज कराया था.