लखनऊ के गोमती नगर इलाके में एक फूड डिलीवरी एजेंट के साथ मारपीट का मामला सामने आया. पीड़ित ने बताया कि चार लोगों के एक समूह ने उसे निशाना बनाया. उसने दावा किया कि उसके धर्म के कारण हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया. मामले की जानकारी के बाद पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हमने अभिषेक दुबे के रूप में पहचाने गए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य तीन व्यक्तियों की तलाश में छापेमारी कर रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को लखनऊ के गोमती नगर इलाके में चार लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर एक फूड डिलीवरी एजेंट पर हमला कर दिया. 30 साल के शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके धर्म के कारण उसे निशाना बनाया.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोमती नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351 (आपराधिक धमकी), 126 (2) (गलत तरीके से रोकना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत एफआईआर दर्ज की है.
एसएचओ के मुताबिक, आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है, वे इस क्षेत्र में किराए पर रह रहे थे और ठेकेदारी का काम करते थे. उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता मोहम्मद असलम ने आरोप लगाया कि वह मंगलवार को गोमती नगर के विराट खंड में एक घर में खाना देने गया था. जब वह बिल्डिंग के अंदर था, तो चारों आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता फूड डिलीवरी एजेंट मोहम्मद असलम ने आरोप लगाया कि चारों आरोपियों ने उसके सिर पर हेलमेट से वार किया. इसके बाद उसका नाम पूछा और फिर धर्म के बारे में पता चलने पर उसके साथ मारपीट की और गोली मारने की भी धमकी दी.