menu-icon
India Daily

यूपी में सड़क हादसे में मामा-भांजे समेत तीन की मौत, गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो

संभल के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में लखनऊ के कारोबारी, उनकी भांजी और एक महिला रिश्तेदार की मौत हो गई. 

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
यूपी में सड़क हादसे में मामा-भांजे समेत तीन की मौत, गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो
Courtesy: X

जम्मू-कश्मीर से घूमकर लौट रहे एक परिवार की खुशियां संभल के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गईं. स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराने के बाद तीन लोगों की जान चली गई. वहीं कई अन्य घायल हो गए.

डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो

बुधवार दोपहर अमरोहा-संभल सीमा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ को गंभीर हालत में मुरादाबाद रेफर कर दिया गया.

कश्मीर यात्रा से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार लखनऊ के अकबरी गेट निवासी कारोबारी अबूबकर अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ जम्मू-कश्मीर घूमने गए थे. परिवार दो वाहनों में यात्रा कर रहा था और तय समय से पहले घर लौट रहा था. स्कॉर्पियो में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें सात बच्चे भी शामिल थे. इलाज के दौरान कारोबारी अबूबकर, हिना और 15 वर्षीय जुनेरा की मौत हो गई. परिजनों के मुताबिक यह परिवार आठ दिन की यात्रा पूरी कर वापस लौट रहा था लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया.

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

परिवार के सदस्यों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को आई झपकी हो सकती है. पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में मौजूद रिश्तेदारों ने बताया कि स्कॉर्पियो अचानक लहराई और सीधे डिवाइडर से टकरा गई. पुलिस अधिकारियों ने भी प्रारंभिक जांच में चालक की थकान और नींद को संभावित कारण माना है.