Re-NEET UG 2026 Exam: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसीद्वारा आयोजित री-नीट UG 2026 परीक्षा अब सिर्फ कुछ दिनों दूर है. वाराणसी जिले में यह परीक्षा 21 जून को होगी. परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार भारतीय वायु सेना की मदद ली गई है.
रविवार को नीट के प्रश्न पत्र वायु सेना के विशेष विमान से वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचाए गए. एयरपोर्ट पर वायु सेना के अधिकारियों की कड़ी निगरानी में पेपरों को सुरक्षित रखा गया. इसके बाद सेना के वाहनों से इन्हें अत्यंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
जिले में कुल 42 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर 21,388 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी. इस बार प्रशासन ने परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर बेहद सख्त व्यवस्था की है. सभी नोडल अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी को किसी के साथ साझा न किया जाए.
केंद्रीय विद्यालय एयर के प्रधानाचार्य प्रभुनाथ सिंह को री-नीट का नोडल अधिकारी बनाया गया है. उन्होंने बताया कि परीक्षा के प्रश्न पत्र वायु सेना के माध्यम से ही लाए गए हैं और उनकी देखरेख में ही पूरे जिले में वितरित किए जाएंगे. परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं. केंद्रों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मुस्तैद रहेंगी.
इस परीक्षा का आयोजन पहले हुई नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं के चलते दोबारा कराया जा रहा है. NTA का लक्ष्य है कि सभी छात्रों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का मौका मिले. वाराणसी प्रशासन ने सभी केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं जैसे पीने का पानी, फर्स्ट एड और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी कर ली है. अभिभावकों और छात्रों से अपील की गई है कि वे समय से पहले केंद्र पहुंचें और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
री-नीट की तैयारी कर रहे छात्रों में उत्साह है, लेकिन इस बार की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए वे थोड़े सतर्क भी हैं. कई छात्रों ने कहा कि वे निष्पक्ष परीक्षा की उम्मीद कर रहे हैं. परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, पुलिस और वायु सेना के साथ समन्वय से काम किया जा रहा है. 21 जून को होने वाली इस परीक्षा पर पूरे देश की नजर है. उम्मीद की जा रही है कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न होगी और छात्र बिना किसी परेशानी के अपनी परीक्षा दे सकेंगे.