menu-icon
India Daily

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट! 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत फिर बढ़ी

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद सभी आठ आरोपितों की न्यायिक हिरासत एक बार फिर बढ़ा दी गई है. विशेष अदालत ने सभी आरोपितों को 10 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने का आदेश दिया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में बड़ा अपडेट! 8 आरोपियों की न्यायिक हिरासत फिर बढ़ी
Courtesy: Pinterest

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चल रही कानूनी कार्यवाई के बीच अयोध्या की विशेष अदालत ने सभी आठ आरोपितों की न्यायिक हिरासत चौथी बार बढ़ा दी गई है. विशेष न्यायाधीश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई सुनवाई के बाद सभी आरोपितों को 10 अगस्त तक जेल में रखने का आदेश दिया. मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी लागू हैं. जांच एजेंसियां पहले ही सभी आरोपितों से कस्टडी रिमांड के दौरान पूछताछ पूरी कर चुकी हैं.

चौथी बार बढ़ी न्यायिक हिरासत

सोमवार को हुई सुनवाई में सभी आठ आरोपितों को जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के सामने पेश किया गया. सुनवाई के बाद विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा ने सभी की न्यायिक हिरासत 10 अगस्त तक बढ़ाने का आदेश दिया. इससे पहले अदालत 13 जुलाई को भी उनकी न्यायिक अभिरक्षा बढ़ा चुकी थी.

गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई न्यायिक प्रक्रिया

इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद 25 जून को आरोपितों की गिरफ्तारी की गई थी. अगले दिन उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से तीन दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया. बाद में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं जुड़ने के कारण मामला विशेष अदालत में स्थानांतरित किया गया और आगे की सुनवाई वहीं हुई.

पहले भी बढ़ चुकी है हिरासत

29 जून को विशेष अदालत ने सभी आरोपितों को 13 जुलाई तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था. इसके बाद 13 जुलाई को हुई अगली सुनवाई में हिरासत 27 जुलाई तक बढ़ाई गई. अब चौथी बार अदालत ने सभी आरोपितों को 10 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने का आदेश जारी किया है.

जांच जारी, पूछताछ पूरी

मामले की जांच कर रहे क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी अलग-अलग चरणों में सभी आरोपितों का कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ कर चुके हैं. जांच एजेंसियां मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं. फिलहाल सभी आरोपित न्यायिक हिरासत में रहेंगे और अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर विशेष अदालत में होगी.