उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बुधवार दोपहर को दो बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी. यह वारदात पीजीआई पुलिस स्टेशन इलाके में हुई. गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए शख्स को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस हत्याकांड के बाद इलाके में डर का माहौल पैदा हो गया. शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार इलाके में गश्त लगा रही है.
डीसीपी दक्षिण अमित के आनंद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. पुलिस ने कहा कि जैसे ही प्रॉपर्टी डीलर कार से उतरकर अपने दफ्तर की ओर बढ़ा, मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश हमलावर वहां आए और बेहद करीब से उन पर तीन बार गोली चलाई जिसके बाद शख्स मौके पर ही बेहोश हो गया और हमलावर पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए.
लखनऊ में दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। योगी जी की पुलिस ने माफियाओं पर तो काफ़ी कार्रवाई की है, लेकिन नए-नए पनप रहे अपराधियों पर अब भी पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही।
— 𝙼𝚛 𝚃𝚢𝚊𝚐𝚒 (@mktyaggi) May 27, 2026
ये लोग हत्या करने से पहले इतना भी नहीं सोचते कि यूपी में ऐसे अपराधों में एनकाउंटर तक की… pic.twitter.com/CGS5iIfII2
पुलिस ने बताया की मृतक लखनऊ के कालिंदी कुंज में अपने परिवार के साथ रहता था. उन्होंने बताया कि यह घटना काली पश्चिम बाजार के यादव बाजार में हुई जहां पर मृतक का दफ्तर था. मृतक कार में अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ थे. पुलिस ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है लेकिन पुलिस निजी दुश्मनी से लेकर हर संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पुलिस को घटना स्थल से एक खाली खोका बरामद हुआ, वहीं फॉरेंसिक टीम ने सभी सबूत इकट्ठा किए जबकि पुलिसकर्मियों ने जांच में सहायता के लिए पूरे इलाके को घेर लिया.
इस घटना का एक 50 सेकेंड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें प्रॉपर्टी डीलर अपनी कार से उतरकर अपने फोन पर बात करते हुए आगे बढ़ रहे हैं. उसी समय एक सफेद कमीज और नीली जींस पहले एक हमलावर उनके पास आता है और ताबड़तोड़ गोलियां चला देता है. जैसे ही पहली गोली उनकी छाती के पास लगी वह तुरंत नीचे गिर पड़ते हैं, जिसके बाद हमलावर लगातार गोली चलाना जारी रखता है. आखिर में वह करीब जाकर उनकी कनपटी पर लोगी मारता है और फिर वह अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग जाता है.