menu-icon
India Daily

गाजियाबाद में नोएडा पुलिस पर हमला, कांस्टेबल की गोली लगने से मौत

घायल कांस्टेबल को तत्काल गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई. कांस्टेबल सौरभ उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी थे.

Gyanendra Sharma
गाजियाबाद में नोएडा पुलिस पर हमला, कांस्टेबल की गोली लगने से मौत
Courtesy: Social Media

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में रविवार देर रात एक दुखद घटना सामने आई है. वांछित अपराधी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव और गोलीबारी की, जिसमें एक कांस्टेबल की जान चली गई. इस हमले में दो से तीन अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नोएडा के फेज-3 थाने की एक टीम को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद और नोएडा में कई आपराधिक मामलों में वांछित कादिर उर्फ मंटर नाहल गांव में छिपा हुआ है. इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम रविवार रात करीब 12:30 बजे कादिर को पकड़ने के लिए गांव पहुंची. जैसे ही पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश दी, वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. हमलावरों ने न केवल पत्थरबाजी की, बल्कि गोलीबारी भी शुरू कर दी. इस अचानक हुए हमले में नोएडा पुलिस के कांस्टेबल सौरभ कुमार देशवाल को सिर में गोली लगी.

घायल कांस्टेबल को तत्काल गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई. कांस्टेबल सौरभ उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी थे. उनकी शहादत की खबर से पुलिस विभाग और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है.

गाजियाबाद के डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि नोएडा फेज-3 थाने के दरोगा सचिन की तहरीर के आधार पर मसूरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने वांछित अपराधी कादिर और उसके सहयोगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. कादिर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. डीसीपी ने यह भी बताया कि घटना के समय कादिर के कुछ साथी पंचायत भवन के पास पहले से छिपे हुए थे, जिन्होंने पुलिस पर पथराव और फायरिंग शुरू की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया गया.

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. गाजियाबाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले में शामिल अन्य लोग कौन थे और उनका मकसद क्या था.

सम्बंधित खबर