गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन इलाके में तीन बहनों द्वारा नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. शुरुआती तौर पर यह मामला एक साधारण सुसाइड जैसा लग रहा था, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस जांच आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे नये और चौंगाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं. आर्थिक तंगी, टूटते रिश्ते, मोबाइल पर निर्भरता और सांस्कृतिक प्रभाव- इन सबने मिलकर इस दर्दनाक घटना को जन्म दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों बहनें कोरियन ड्रामा, म्यूजिक और यूट्यूब कंटेंट से बेहद प्रभावित थीं. उन्होंने अपने असली नामों की जगह Maria, Aliza और Cindy जैसे नाम अपना लिए थे. सुसाइड नोट में भी इस बात का जिक्र है कि उन्हें कोरियन कल्चर से दूर किया जा रहा था. इसके कारण वह तनाव में थीं और मानसिक रूप से टूट गई थीं.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बहनों के पिता पर लगभग दो करोड़ रुपये का कर्ज था. इसके साथ ही पारिवार का स्ट्रक्टर सामान्य नहीं था. जांच में सामने आया है कि लड़कियों के पिता की दो पत्नियां थीं और कुछ समय से उनकी साली भी उसी घर में रह रही थी. साली के घर आने के बाद दोनों पत्नियां घर छोड़कर चली गईं थी. इनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से पुलिस में दर्ज है.
जानकारी के अनुसार परिवार की आर्थिक हालत इतनी खराब थी कि तीनों बहनें बीते दो-तीन साल से स्कूल भी नहीं जा पा रही थीं. हालत इस कदर खराब थी कि परिवार ने हाल ही में मोबाइल फोन बेचकर फ्लैट की बिजली रिचार्ज कराई थी. पुलिस यह जांच कर रही है कि लंबे समय से चली आ रही आर्थिक तंगी ने बच्चियों की मानसिक स्थिति को किस हद तक प्रभावित किया था.
सूत्रों के अनुसार लड़कयों पर शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था. इसी के चलते उनके मोबाइल फोन का इस्तेमाल बंद करा दिया गया था. मोबाइल ही उनके लिए बाहरी दुनिया और पसंदीदा कंटेंट से जुड़ने का जरिया था. मोबाइल छिनने के बाद वे पूरी तरह अकेलापन और अवसाद महसूस करने लगीं थी. सुसाइड नोट में भावनात्मक आरोप और बचपन की तस्वीरें भी मिली हैं. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.