Nikki Murder Case: ग्रेटर नोएडा का निक्की भाटी हत्याकांड लगातार पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में बना हुआ है. नए वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और परिवार के बयानों के बीच केस और पेचीदा होता जा रहा है. अब इस मामले में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है और पुलिस को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है. उन्होंने अब तक की जांच रिपोर्ट और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जानकारी मांगी है. आयोग का कहना है कि यह मामला महिलाओं की सुरक्षा और न्याय से जुड़ा है, इसलिए इसमें कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी.
निक्की के परिवार ने दावा किया था कि उनके ससुरालवालों ने मिलकर निक्की को जिंदा जलाया है. लेकिन एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया जिसमें निक्की का हत्यारोपी विपिन भाटी घर के बाहर नजर आ रहा है. इसके अलावा एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें निक्की के ससुर और बेटे को अंतिम संस्कार करते देखा गया, जबकि पहले परिवार और पुलिस ने आरोपियों को फरार बताया था. इन विरोधाभासों ने पुलिस जांच को और गहरा कर दिया है.
निक्की को जब अस्पताल ले जाया गया तो परिवार वालों ने सिलेंडर फटने की बात बताई थी. हॉस्पिटल के मेमो में भी सिलेंडर ब्लास्ट का जिक्र दर्ज है. लेकिन बाद में निक्की की बहन और पड़ोसी ने बताया कि मामला घरेलू हिंसा और हत्या का है. इसी वजह से पुलिस ने अब हर एंगल से जांच शुरू की है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक निक्की और उसके पति विपिन के बीच लंबे समय से मतभेद थे. दोनों अलग-अलग कमरों में रहते थे. घटना से पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ और विपिन ने निक्की को कई बार थप्पड़ मारा था. इसके अलावा निक्की के ब्यूटी पार्लर को लेकर भी ससुराल में विवाद था. निक्की ने पिछले साल पति पर शारीरिक शोषण का आरोप भी लगाया था.
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या आत्महत्या, सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है. निक्की के पति, ससुर, सास और जीजा को गिरफ्तार कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की भी जांच चल रही है.
निक्की के पिता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने परिवार के विरोध के बावजूद मेहनत से ब्यूटी पार्लर शुरू किया था, लेकिन ससुरालवालों को यह मंजूर नहीं था. पिता का कहना है कि महिला आयोग की टीम आने पर वे सामने अपनी सारी बातें रखेंगे और न्याय की मांग करेंगे.