menu-icon
India Daily

मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसे में NIA के DSP की हुई मौत, गर्लफ्रेंड की हालत गंभीर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एनआईए के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की मौत हो गई. बाइक से सफर के दौरान आगे चल रहे कंटेनर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ.

KanhaiyaaZee
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसे में NIA के DSP की हुई मौत, गर्लफ्रेंड की हालत गंभीर
Courtesy: Social Media

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के डिप्टी एसपी की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. देर रात हुए इस हादसे में अधिकारी की मोटर साइकिल सड़क पर चल रहे एक बड़े कंटेनर से टकरा गई. वही उनके साथ बाइक पर सवार उनकी महिला मित्र की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मूल रूप से पंजाब के मोहाली के रहने वाले ईशान मेहरा दिल्ली स्थित एनआईए मुख्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे. वीकेंड की छुट्टियां होने के कारण वे शनिवार रात अपनी एक महिला मित्र के साथ बाइक पर सवार होकर दिल्ली से उत्तराखंड के बाजपुर के लिए निकले थे. वे बाजपुर में रहने वाले अपने किसी परिचित से मिलने जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और मंजूर था.

कटघर थाना क्षेत्र में भीषण भिड़ंत

यह दर्दनाक हादसा मुरादाबाद के कटघर थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले देवापुर गांव के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटित हुआ. सफर के दौरान अचानक ईशान मेहरा की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आगे चल रहे एक भारी-भरकम कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी. यह भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और एनआईए अधिकारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

महिला मित्र की हालत बेहद गंभीर

हादसे के वक्त बाइक पर पीछे बैठी उनकी महिला मित्र भी इस जबरदस्त टक्कर के कारण सड़क पर दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से चोटिल हो गईं. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की टीम तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने लहूलुहान हालत में तड़प रही महिला को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया.

पुलिस प्रशासन ने दिवंगत अधिकारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए जिला मर्चरी भिजवा दिया है. इसके साथ ही इस दुखद घटना की सूचना मोहाली में रह रहे उनके परिजनों और दिल्ली मुख्यालय को दे दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के तकनीकी निरीक्षण के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.