menu-icon
India Daily

दामाद पर दिल हार बैठी सास, कोर्ट जाकर रचाई शादी; अब वीडियो जारी कर मांगा आशीर्वाद

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में एक सास और उसके दामाद द्वारा कथित तौर पर कोर्ट मैरिज करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शादी के बाद दोनों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

KanhaiyaaZee
दामाद पर दिल हार बैठी सास, कोर्ट जाकर रचाई शादी; अब वीडियो जारी कर मांगा आशीर्वाद
Courtesy: X/@ocjain4

कानपुर: कानपुर देहात के अकबरपुर तहसील क्षेत्र से एक ऐसा मामला प्रकाश में आया है, जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ नेटिजन्स को भी पूरी तरह हैरान कर दिया है. यहां की रहने वाली एक अधेड़ उम्र की महिला ने अपने सगे दामाद से ही शादी कर ली. दोनों ने कोर्ट में शादी कर अपने वैवाहिक रिश्ते की क़ानूनी मान्यता भी हासिल कर ली है.  

इस पूरे घटनाक्रम ने उस वक्त तूल पकड़ा जब शादी के ठीक बाद इस अनोखे जोड़े का एक वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल होने लगा. इस वायरल वीडियो में दोनों ही पक्ष कैमरे के सामने बेहद सहज और खुश नजर आ रहे हैं. वे समाज और अपने परिवार से अपने इस नए वैवाहिक रिश्ते को स्वीकार करने की भावुक अपील कर रहे हैं.

पुराने प्रेम प्रसंग की उड़ रही हैं अफवाहें

अकबरपुर क्षेत्र के स्थानीय चौराहों और गांवों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि सास और दामाद के बीच यह रिश्ता अचानक नहीं बना है. ग्रामीणों का दबी जुबान में कहना है कि दोनों के बीच पिछले काफी लंबे समय से बेहद करीबी और अंतरंग संबंध चल रहे थे. हालांकि, इस तरह के दावों की कोई पुष्टि नहीं हो सकी है. फिलहाल पुरे क्षेत्र में इस मामले की चर्चा चल रही है. 

रिश्तों के मर्यादा को लेकर छिड़ी बहस

पारंपरिक भारतीय समाज और पारिवारिक मूल्यों के लिहाज से इस बेहद असंभावित संबंध को लेकर समाज में तीखी और अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. जहां एक तरफ रूढ़िवादी सोच वाले लोग इस रिश्ते को सामाजिक मर्यादाओं के पूरी तरह खिलाफ बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आधुनिक विचारधारा के कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे दो बालिग इंसानों की निजी पसंद और उनका व्यक्तिगत अधिकार मानकर इसका बचाव भी कर रहे हैं.

इस पूरे हाई-प्रोफाइल विवाद में सबसे बड़ा सस्पेंस यह है कि दोनों ने असल में किस तारीख को और किस अदालत में जाकर यह शादी रजिस्टर्ड करवाई है? कोर्ट मैरिज से संबंधित मैरिज सर्टिफिकेट या कोई भी कानूनी दस्तावेज अब तक सार्वजनिक पटल पर नहीं आया है. इंटरनेट पर लोग इस शादी के कानूनी पहलुओं को लेकर लगातार सर्च कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ पाई है.

स्थानीय प्रशासन और पुलिस के पास शिकायत नहीं

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इस अनोखी शादी को लेकर अब तक परिवार के किसी भी अन्य सदस्य या ग्रामीणों की ओर से स्थानीय थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. कानपुर देहात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस पूरे वाकये पर अभी तक किसी भी प्रकार का कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया है. पूरी कहानी फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के भरोसे ही टिकी हुई है.