मऊ: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एक सडक हादसे के बाद तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई. हादसे में एक महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. हालात बिगडते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पडा. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के अनुसार, सती देवी नाम की महिला सडक पार कर रही थीं. इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी गंभीर थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की.
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद कुछ लोग वहां एकत्र हो गए और सडक जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शनकारियों ने हादसे को लेकर नाराजगी जताई और कार्रवाई की मांग की. स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाडने की कोशिश की और पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए हमले के बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया. इसके बाद भीड तितर-बितर हो गई और स्थिति पर काबू पा लिया गया.
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के संबंध में 2 से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है. मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है. अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे.