menu-icon
India Daily

आगरा के लोगों के लिए खुशखबरी, बनने जा रहा है हाईटेक मेडिसिटी; इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली

आगरा विकास प्राधिकरण की ग्रेटर आगरा योजना में 60 हेक्टेयर क्षेत्र में हाईटेक मेडिसिटी विकसित की जाएगी. इस परियोजना में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित होंगी. जुलाई से प्लॉट बुकिंग शुरू होने की संभावना है.

babli
Edited By: Babli Rautela
आगरा के लोगों के लिए खुशखबरी, बनने जा रहा है हाईटेक मेडिसिटी; इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली
Courtesy: AI

आगरा विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी ग्रेटर आगरा आवासीय योजना अब शहर के विकास को नई दिशा देने जा रही है. इस मेगा परियोजना के तहत 60 हेक्टेयर क्षेत्र में अत्याधुनिक मेडिसिटी विकसित की जाएगी, जहां विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. अधिकारियों का दावा है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद आगरा ही नहीं बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

449 हेक्टेयर में विकसित हो रही है ग्रेटर आगरा योजना

ग्रेटर आगरा योजना को एत्मादपुर क्षेत्र के रहनकला और रायपुर गांवों में विकसित किया जा रहा है. यह परियोजना लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले इनर रिंग रोड के पास स्थित है. करीब 449 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस योजना में 10 आधुनिक टाउनशिप बसाई जाएंगी. इनमें आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य सुविधाओं का समन्वित विकास किया जाएगा.

60 हेक्टेयर में बनेगी हाईटेक मेडिसिटी

एडीए के मुख्य अभियंता संजीव कुमार के अनुसार योजना के विस्तार के लिए 124 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया गया है. इसी क्षेत्र में 60 हेक्टेयर भूमि मेडिसिटी के लिए आरक्षित की गई है. मेडिसिटी में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, आधुनिक मेडिकल क्लीनिक, उन्नत डायग्नोस्टिक सेंटर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं विकसित की जाएंगी. एडीए अधिकारियों के अनुसार मेडिसिटी में देश के प्रतिष्ठित अस्पताल समूहों को आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है. विशेष रूप से दिल्ली एनसीआर के प्रमुख अस्पताल यहां अपनी इकाइयां स्थापित कर सकते हैं. इससे क्षेत्र के लोगों को हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, ट्रॉमा और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली या बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

किसानों को दिया जा रहा मुआवजा

परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है. अधिकारियों के मुताबिक किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है. अब तक लगभग 6 हेक्टेयर भूमि का मुआवजा वितरित किया जा चुका है, जबकि शेष किसानों से लगातार संपर्क कर भुगतान प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

जुलाई में शुरू हो सकती है प्लॉट बुकिंग

आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि ग्रेटर आगरा योजना के लिए जुलाई माह में प्लॉटों की बुकिंग शुरू की जा सकती है. हाल ही में प्रमुख सचिव पी गुरुप्रसाद ने भी परियोजना स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की थी. इसके बाद निर्माण और विकास कार्यों में तेजी लाई गई है. मेडिसिटी बनने के बाद आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, हाथरस और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी. विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना केवल स्वास्थ्य क्षेत्र ही नहीं बल्कि रोजगार, निवेश और शहरी विकास के लिहाज से भी आगरा के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है.