मथुरा में खुले बाजार में चीनी के दाम बढ़ने के बीच अंत्योदय कार्डधारकों के लिए राहत बरकरार है. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिले के करीब 41 हजार गरीब परिवारों को सरकारी राशन की दुकानों से पहले वाली रियायती दर पर चीनी मिलेगी. बाजार में चीनी 50 से 55 रुपये किलो तक पहुंच गई है, जबकि सरकारी दुकानों पर इसकी कीमत 18 रुपये प्रति किलो ही रहेगी. इसके अलावा पात्र परिवारों को तय मात्रा में मुफ्त अनाज भी मिलेगा.
जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार के मुताबिक 10 से 25 सितंबर तक खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है. जुलाई, अगस्त और सितंबर की दूसरी तिमाही के लिए प्रत्येक अंत्योदय कार्ड पर एक साथ तीन किलो चीनी दी जा रही है. इसके लिए लाभार्थी को कुल 54 रुपये देने होंगे. चीनी संबंधित कार्डधारक की निर्धारित उचित दर की दुकान से ही उपलब्ध कराई जाएगी.
अंत्योदय परिवारों को चीनी के साथ 35 किलो अनाज भी बिना किसी शुल्क के दिया जा रहा है. बाजार में लगातार बढ़ते दामों के बीच सरकारी दर पर चीनी मिलने से इन परिवारों के घरेलू बजट पर दबाव कम होगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि वितरण तय अवधि के भीतर राशन की दुकानों से किया जाएगा, इसलिए लाभार्थियों को अपनी निर्धारित दुकान पर जाकर खाद्यान्न लेना होगा.
चीनी की कीमतों पर नियंत्रण और जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने डीलरों के स्टाक की अधिकतम सीमा में बदलाव किया है. अब व्यापारी पहले के 4000 कुंतल के मुकाबले अधिकतम 2000 कुंतल चीनी ही रख सकेंगे. जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि नई व्यवस्था 15 सितंबर से 30 नवंबर तक लागू रहेगी.
नई व्यवस्था के तहत सभी चीनी डीलरों को फूड स्टाक मानिटरिंग पोर्टल पर हर शुक्रवार अपने पास मौजूद स्टाक की जानकारी दर्ज करनी होगी. विभाग की ओर से जिले में चीनी कारोबारियों के भंडार का सत्यापन भी कराया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि इस निगरानी का मकसद जमाखोरी पर रोक लगाना और बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखना है.