menu-icon
India Daily

वृन्दावन में उद्घाटन के कुछ घंटों बाद ही होटल में लगी भीषण आग, सामने आया वीडियो

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Prem Kaushik
Reported By: Prem Kaushik
वृन्दावन में उद्घाटन के कुछ घंटों बाद ही होटल में लगी भीषण आग, सामने आया वीडियो
Courtesy: Prem kaushik

मथुरा. वृंदावन के रुक्मिणी विहार स्थित नव निर्मित सिद्धि विनायक होटल में बुधवार को उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद भीषण आग लग गई. आग लगते ही होटल के अंदर घना धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में तीन लोग झुलस गए, जबकि करीब 40 लोग होटल के अंदर फंस गए थे. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर बाद अचानक होटल की ऊपरी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुएं का गुबार फैल गया. होटल में मौजूद मेहमान और कर्मचारी घबरा गए. कई लोग कमरों और गलियारों में फंस गए थे. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया.

कांग्रेस नेता मुकेश धनगर ने बताया कि वह पास से गुजर रहे थे, तभी सड़क से आग की लपटें और धुएं का गुबार देखा. उन्होंने कहा, “हम तुरंत मौके पर पहुंचे. यहां लोगों में अफरा-तफरी मची थी. हमने साथियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और घटना की जानकारी जिला प्रशासन को दी. करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया.”

हादसे में होटल मालिक सुभाष अग्रवाल के समधी हरिमोहन के बेटे विनीत की तबीयत अधिक बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं आग की चपेट में आकर तीन लोग झुलस गए. घायलों में दो बच्चे कार्तिक और समर तथा एक महिला जिया शामिल हैं. सभी को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई. प्रशासन के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं.

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि रुक्मिणी विहार स्थित सिद्धि विनायक होटल में उद्घाटन के दिन शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी. उन्होंने कहा, “इस घटना में होटल मालिक के परिवार के तीन सदस्य झुलस गए. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. स्थिति अब नियंत्रण में है.”

बताया जा रहा है कि होटल में कुल 24 कमरे हैं और बुधवार को ही इसका विधिवत उद्घाटन किया गया था. उद्घाटन समारोह के कुछ घंटों बाद ही आग लगने की घटना ने होटल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.