उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तमाम पार्टियों ने कमर कस ली है. इस बीच राजा भैया की पार्टी जन सत्ता दल लोकतांत्रिक ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. इन तीन नामों में से एक नाम खुद कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का है. राजा भैया लगातार आठवीं बार कुंडा से चुनाव लड़ेंगे. कुंडा सीट राजा भैया का गढ़ माना जाता है. वह 1993 से सात बार इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और अजेय रहे हैं.
इसके अलावा उनकी पार्टी ने बाबागंज से विनोद सरोज और विश्वनाथगंज से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार बनाया है. वर्तमान में राजा भैया कुंडा से और विनोद सरोज बाबागंज से विधायक हैं.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा भैया 7 बार से विधायक हैं और अब आठवीं बार कुंडा से विधायक बनने की सोच रहे हैं. वह पहली बार 1993 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर इस सीट से विधायक बने थे. इसके बाद 1996, 2002, 2007, 2012, 2017 और 2022 में भी उन्होंने इस सीट से विजय पताका लहराई.
राजनीति में बतौर निर्दलीय विधायक 25 साल पूरा करने के बाद राजा भैया ने 30 नवंबर 2018 को जन सत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया था. राजा भैया ने लखनऊ के रामाबाई अंबेडकर मैदान पर एक रैली के दौरान यह पार्टी लॉन्च की थी. उन्होंने अपने समर्थकों की डिमांड और ऑनलाइन सर्वे के आधार पर एक अलग राजनीतिक दल बनाने का ऐलान किया था. अपनी पार्टी लॉन्च करने से पहले उन्होंने करीब 25 सालों तक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा.
उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. हालांकि चुनाव आयोग ने अभी तक चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान नहीं किया है.