समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया. इसे 'जन-मन का घोषणापत्र' नाम दिया गया है. इसका नारा 'सत्ताईस का संकल्प: PDA का प्रण-पत्र' रखा गया है.
संविधान दिवस के मौके पर जारी इस घोषणापत्र में संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण और सामाजिक न्याय को प्रमुखता दी गई है. पार्टी ने PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है.
युवाओं के लिए सपा ने कई बड़े वादे किए हैं. पार्टी ने बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. इसके अलावा पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और अन्य क्षेत्रों में 2 से 3 लाख युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है.
ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 150 दिन रोजगार देने और शहरों के लिए रोजगार गारंटी कानून बनाने का भी वादा किया गया है. युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जाएंगे.
सपा ने भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाने का वादा किया है. परीक्षाओं को समय पर कराने और तय समय में परिणाम घोषित करने के लिए शैक्षणिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा. पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में समान अवसर देने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है.
महिलाओं के लिए सपा ने हर साल 40 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने का वादा किया है. इसके अलावा स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद देने की योजना पेश की गई है. छात्रों को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का भी प्रस्ताव है.
किसानों के लिए सपा ने सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर कृषि कर्ज का 100 फीसदी माफ करने का वादा किया है. पार्टी ने 2031 तक सभी किसानों को कर्जमुक्त बनाने और उनके बकाया बिजली बिल माफ करने की बात कही है. घोषणापत्र में स्वामीनाथन फॉर्मूले (C2+50%) के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने का प्रस्ताव है. गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड बनाया जाएगा. इसके अलावा किसानों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन और फसल बीमा के तहत 10 लाख रुपये तक मुआवजा देने का वादा किया गया है.
सपा ने घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है. किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और पूरे उत्तर प्रदेश में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा भी किया गया है.
शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने 2017 के बाद बंद हुए 26 हजार से अधिक सरकारी प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने का वादा किया है. शिक्षा पर खर्च बढ़ाकर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) का करीब 6 फीसदी करने का प्रस्ताव है. लड़कियों को KG से PG तक मुफ्त शिक्षा, पहली कक्षा से अंग्रेजी की पढ़ाई और 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की घोषणा भी की गई है.
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सपा ने राज्य के बजट का करीब 10 फीसदी हिस्सा स्वास्थ्य क्षेत्र पर खर्च करने का प्रस्ताव रखा है. यह राज्य के GSDP का करीब 4.5 फीसदी होगा. आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुफ्त इलाज और गंभीर बीमारियों व दुर्घटनाओं के लिए 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर देने का वादा किया गया है.
PDA वर्गों के लिए अलग सामाजिक न्याय आयोग बनाने का प्रस्ताव है. दलितों के लिए विशेष घटक योजना के तहत राज्य के बजट का 20 फीसदी हिस्सा निर्धारित करने की बात कही गई है. सरकारी ठेकों और योजनाओं में PDA वर्गों को प्राथमिकता देने का भी वादा है. इसके अलावा PDA कैंटीन शुरू की जाएंगी, जहां लोगों को केवल 5 रुपये में समाजवादी थाली मिलेगी.
सपा ने 2028 तक जाति आधारित जनगणना कराने की घोषणा की है. इसके अलावा SC, ST और OBC वर्गों के लिए आरक्षित सभी सरकारी रिक्त पदों को 2028 तक भरने का लक्ष्य रखा गया है. पार्टी ने 2029 तक भूख और गरीबी खत्म करने के लक्ष्य हासिल करने की बात भी कही है.
कानून-व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने प्रदेश में माफिया गतिविधियों, रंगदारी और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया है. व्यापारियों से जबरन वसूली और अवैध जमीन कब्जाने के मामलों की जांच के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने की बात कही गई है. अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जाति, धर्म या समुदाय देखकर नहीं, बल्कि कानून के आधार पर होगी.