संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है. शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक हुई. इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा की गई. बैठक में कांग्रेस, आरजेडी, टीएमसी, IUML और RSP समेत कई दलों के नेता शामिल हुए. हालांकि, NCP (शरद पवार गुट) इस बैठक से दूर रही.
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परिसीमन के जरिए सत्ता अपने हाथ में रखने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सीटों की संख्या बढ़ाकर हमेशा के लिए सत्ता में बने रहना चाहती है. खड़गे ने परिसीमन को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि इस विधेयक में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का उचित ध्यान नहीं रखा गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में SC-ST समुदायों के साथ नाइंसाफी की गई है.
इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश भी शामिल हुए. इनके अलावा तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, आरजेडी के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, सीपीआई के पी. संतोष कुमार, IUML के ई.टी. मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एन.के. प्रेमचंद्रन ने भी हिस्सा लिया.
बैठक में आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल और डीएमके को भी आमंत्रित किया गया था. हालांकि, NCP (SP) की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही. सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को शरद पवार के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा था कि वह सोमवार को दिल्ली जाएंगी. उन्होंने यह भी कहा था कि पार्टी के दूसरे नेता बैठक में शामिल होंगे. लेकिन सूत्रों के मुताबिक, NCP (शरद पवार गुट) का कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ.
विपक्षी दलों के बीच परिसीमन को लेकर अलग-अलग रुख भी सामने आ रहे हैं. तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी. स्टालिन के मुताबिक, विधेयक में निष्पक्ष परिसीमन की मांगों को शामिल किया गया है. ऐसे में INDIA गठबंधन के भीतर इस मुद्दे पर सहमति बनाना विपक्ष के लिए चुनौती हो सकता है.