उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को सेक्टर-66 के ममूरा गांव स्थित एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग एक इलेक्ट्रिक बाइक को चार्ज करने के दौरान हुई स्पार्किंग से लगी. देखते ही देखते आग पार्किंग में खड़े अन्य पेट्रोल वाहनों तक पहुंच गई, जिससे धुआं पूरी इमारत में फैल गया.
पुलिस और प्रशासन के अनुसार, आग से करीब 50 परिवार प्रभावित हुए. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. मिली जानकारी के मुताबिक दो लोगों की मौत हो गई है.
गौतम बुद्ध नगर के संयुक्त आयुक्त राजीव नारायण ने बताया कि जिस इमारत में आग लगी वह जी प्लस चार संरचना वाली आवासीय इमारत है, जिसमें लगभग 50 परिवार रहते हैं. आग बुझाने के लिए सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और विशेष बचाव वाहन तैनात किए गए. उन्होंने बताया कि इमारत के भूतल पर पार्किंग थी और वहीं से उठे धुएं ने ऊपर की मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया. दमकल कर्मियों ने समय रहते सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी बड़े जानमाल के नुकसान को टाला जा सका.
राहत अभियान के दौरान धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई. दोनों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रशासन ने बताया कि उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी करने और प्रशासन को हर स्तर पर सतर्क रहने के भी निर्देश दिए हैं. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान हुई स्पार्किंग को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है.