Lok Sabha elections 2024: पीलीभीत लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद वरुण गांधी का बीजेपी टिकट काट सकती है. चुनाव आयोग की ओर से बीते बुधवार को अधिसूचना जारी होने के बाद इस सीट पर नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसी कड़ी में वरुण गांधी के प्रतिनिधि ने नामांकन का पर्चा जिला निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से खरीदा है. उन्होंने 4 सेट नॉमिनेशन पेपर खरीदा है. ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी अगर वरुण को टिकट नहीं भी देती है तब भी वो पीलीभीत से चुनाव लड़ सकते है.
चर्चा है कि बीजेपी वरुण की जगह उनकी मां मेनका गांधी को पीलीभीत से चुनाव मैदान में उतार सकती है या किसी नए चेहरे पर दांव लगा सकती है. चर्चा है कि बीजेपी योगी सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद या मंत्री संजय गंगवार को टिकट दे सकती है.
सूत्रों ने मुताबिक अगर बीजेपी लोकसभा चुनाव में पीलीभीत सीट से वरुण गांधी को फिर से टिकट नहीं देती है तो वह निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं. इसके आसार इस लिए नजर आ रहे है कि क्योंकि सपा ने भी इस सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. पहले चर्चा थी कि सपा वरुण को टिकट दे सकती है लेकिन अब इन चर्चाओं पर विराम लग गया है.
उम्मीद जताई जा रही है कि कल बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो सकती है. जिसके बाद बीजेपी के नई लिस्ट में मेरठ सीट पर रामायण एक्टर अरुण गोविल और कैंट विधायक अमित अग्रवाल को टिकट दिया जा सकता है. अगर गाजियाबाद सीट की बात करें तो मौजूदा सांसद जनरल वीके सिंह के साथ-साथ अनिल अग्रवाल या अनिल जैन टिकट पाने के दावेदारों में शामिल है. वहीं कैसरगंज से बृजभूषण सिंह की जगह दूसरे चेहरे को मौका मिल सकता है.