menu-icon
India Daily

Eat Right Summit में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिया संदेश, बोले- थाली में श्री अन्न और मोटे अनाज को बनाएं हिस्सा

लखनऊ में आयोजित Eat Right Summit में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वस्थ खान-पान पर जोर दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
Anuj Kumar
Reported By: Anuj Kumar
Eat Right Summit में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिया संदेश, बोले- थाली में श्री अन्न और मोटे अनाज को बनाएं हिस्सा
Courtesy: X

होटल क्लार्क्स अवध में आयोजित Eat Right Summit में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. FSSAI के Eat Right India अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में स्वस्थ भोजन, बेहतर पोषण और बच्चों में बढ़ते मोटापे पर चर्चा हुई. उन्होंने संतुलित आहार को जरूरी बताया.

स्वस्थ समाज के लिए परिवार भी जिम्मेदार

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य केवल अस्पताल जाने से नहीं मिलता, बल्कि इसकी शुरुआत घर की रसोई और हमारी थाली से होती है. उन्होंने लोगों से संतुलित भोजन अपनाने की अपील की और ‘श्री अन्न’ यानी मोटे अनाज को खाने में शामिल करने पर जोर दिया. उन्होंने बच्चों में बढ़ते मोटापे पर चिंता जताते हुए तली हुई चीजों, पैक्ड भोजन और ज्यादा चीनी-नमक से बचने की बात कही. उन्होंने अभिभावकों से खुद जागरूक रहने और बच्चों को भी स्वस्थ खान-पान की आदतें सिखाने की अपील की.

पोषण और मोटापे पर हुई अहम चर्चा

समिट में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े विषयों पर दो पैनल चर्चाएं हुईं. पहली चर्चा ‘ईट राइट इंडिया: जागरूकता से मोटापे की रोकथाम की दिशा में कार्रवाई’ पर केंद्रित रही. वहीं दूसरी में बेहतर पोषण के लिए प्रोटीन की जरूरत पर बात हुई. कार्यक्रम में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विजय प्रताप सिंह, पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ. अनीता भटनागर जैन, पूर्व CEO NSDC जयंत कृष्ण और पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ. अनीस अंसारी समेत कई विशेषज्ञ मौजूद रहे.

बच्चों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. उन्होंने बच्चों के स्वस्थ और बेहतर भविष्य की कामना की. समिट में साहित्यकार अबिद सुरती और पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह ने भी अपने विचार रखे. उनके संबोधन से स्वास्थ्य और पोषण की चर्चा में सामाजिक और सांस्कृतिक पहलू भी जुड़े. आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ खान-पान, बेहतर पोषण और बीमारी से बचाव को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों को एक मंच पर लाना रहा.