menu-icon
India Daily

यूपी में मिशन 2027 की कमान संभालेंगे अमित शाह, छह क्षेत्रों में खुद बनाएंगे चुनावी रणनीति

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
यूपी में मिशन 2027 की कमान संभालेंगे अमित शाह, छह क्षेत्रों में खुद बनाएंगे चुनावी रणनीति
Courtesy: Pinterest

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं. पार्टी की कोशिश है कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले हर क्षेत्र में संगठन की स्थिति मजबूत की जाए और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए. इसी रणनीति के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवंबर के अंत से प्रदेश के दौरे पर निकल सकते हैं. उनके प्रस्तावित कार्यक्रम में यूपी के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों को शामिल करने की तैयारी है.

छह क्षेत्रों में पहुंचकर संगठन का हाल जानेंगे शाह

बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को संगठनात्मक रूप से छह हिस्सों में बांटा है. इनमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र शामिल हैं. अमित शाह इन सभी क्षेत्रों में अलग अलग बैठकें कर सकते हैं. इनमें क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ जिला स्तर के प्रमुख नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी बुलाने की योजना है. इन बैठकों में स्थानीय चुनौतियों और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.

नवंबर में दो क्षेत्रों से शुरू हो सकती है शुरुआत

अमित शाह के दौरे का शुरुआती कार्यक्रम तैयार करने की कवायद पार्टी में शुरू हो गई है. फिलहाल नवंबर में दो संगठनात्मक क्षेत्रों में बैठकें कराने की योजना पर काम चल रहा है. इसके बाद बाकी चार क्षेत्रों के कार्यक्रम भी तय किए जा सकते हैं. बीजेपी चाहती है कि इन बैठकों के जरिए कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में जुटने का स्पष्ट संदेश मिले और संगठन की गतिविधियों में तेजी आए.

हर क्षेत्र में रात्रि प्रवास की तैयारी

पार्टी की योजना अमित शाह के दौरे को केवल कुछ घंटों की बैठकों तक सीमित रखने की नहीं है. इसके तहत सभी संगठनात्मक क्षेत्रों में उनके रात्रि प्रवास की व्यवस्था करने पर भी विचार किया जा रहा है. इससे उन्हें स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अधिक समय बिताने का अवसर मिलेगा. साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की वास्तविक स्थिति और चुनावी तैयारियों को करीब से समझने में मदद मिलेगी.

जिला स्तर तक पहुंचाने की तैयारी

क्षेत्रीय बैठकों के बाद बीजेपी जिला स्तर पर भी अमित शाह के कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है. इसके लिए बैठकों और सभाओं का खाका तैयार किया जा सकता है. पार्टी का उद्देश्य जिला इकाइयों से सीधे संवाद करना और चुनावी रणनीति को स्थानीय स्तर तक पहुंचाना है. इसके जरिए जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों और तय लक्ष्यों के बारे में स्पष्ट दिशा देने की कोशिश होगी.

मोदी और शाह समेत शीर्ष नेतृत्व होगा सक्रिय

मिशन 2027 के तहत बीजेपी उत्तर प्रदेश में अपने शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी कर रही है. पार्टी की योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों के जरिए प्रदेशभर में संगठनात्मक और राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की है. अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. इन बैठकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर पार्टी चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाएगी.