menu-icon
India Daily

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, 2027 चुनाव के लिए बनाया 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा'; आजाद होंगे CM फेस!

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. चुनावों से पहले राजनीति में एक नया गठबंधन सामने आया है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है.

Shilpa Shrivastava
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, 2027 चुनाव के लिए बनाया 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा'; आजाद होंगे CM फेस!
Courtesy: ANI X

UP Assembly Elections: उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इन चुनावों से पहले राजनीति में एक नया गठबंधन सामने आया है. AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है. दोनों नेताओं ने लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने गठबंधन का ऐलान किया. इस नए राजनीतिक गठबंधन का नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' रखा गया है.

चंद्रशेखर आजाद होंगे सीएम पद का चेहरा:

इस गठबंधन की सबसे बड़ी घोषणा यह रही कि चंद्रशेखर आजाद 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में मोर्चे की तरफ से मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे. ओवैसी ने खुद इसकी घोषणा की. साथ ही कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर इस गठबंधन को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगी. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा सभी दलों के लिए खुला है. इसमें कोई भी शामिल हो सकता है. उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी इस गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया. 

'यह तीसरा नहीं, पहला मोर्चा है'- चंद्रशेखर आजाद

चंद्रशेखर आजाद ने इस गठबंधन को केवल तीसरा मोर्चा मानने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि इसका नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है. इस मोर्चे का उद्देश्य वंचित, कमजोर और पिछड़े वर्गों को एक राजनीतिक मंच पर एक साथ लाना है. 

चंद्रशेखर आजाद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राजनीतिक ताकत ही लोगों की समस्याओं को दूर कर सकती है. इसके साथ ही यह भी कहा कि जब तक कमजोर और वंचित समुदायों की राजनीति में मजबूत भागीदारी नहीं होगी, तब तक लोगों की समस्याएं बनी रहेंगी. 

करीब 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी:

रिपोर्ट्स के अनुसार, AIMIM और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है. हालांकि, सीटों का अंतिम बंटवारा और उम्मीदवारों की सूची अभी स्पष्ट नहीं हुई है. बता दें कि यूपी में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं. ऐसे में 150 सीटों पर इस गठबंधन का अकेला लड़ना चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा हो सकती है.