आजमगढ़: संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (जेईईसीयूपी) ने पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. प्रदेश भर के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया. इस वर्ष परीक्षा में शामिल हुए 3,34,298 अभ्यर्थियों में से 3,34,262 अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए पात्र घोषित किया गया है.
सफलता का प्रतिशत 99.99 रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी बेहतर माना जा रहा है. इंजीनियरिंग ग्रुप 'ए' में आजमगढ़ के अंकित यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. अंकित यादव ने कुल 396 अंक प्राप्त कर टॉप किया. परिणाम घोषित होने के बाद उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
जेईईसीयूपी परीक्षा का आयोजन 2 जून से 9 जून 2026 के बीच प्रदेश के सभी 75 जिलों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट प्रणाली के तहत किया गया था. इस साल कुल 4,23,795 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. जिसमें परीक्षा में 78.88 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई.
परिणाम के अनुसार विभिन्न ग्रुपों में भी कई विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. ग्रुप 'बी' में गोरखपुर के अखिलेश कुमार गुप्ता ने पहला स्थान प्राप्त किया. ग्रुप 'सी' में बलिया के कृष्णा शर्मा टॉपर रहे. ग्रुप 'डी' में पीलीभीत के संजीव तिवारी ने शीर्ष स्थान हासिल किया. ग्रुप 'ई' में लखनऊ की प्रतीक्षा सिंह ने पहला स्थान प्राप्त किया.
इसके अलावा ग्रुप 'एफ' में गाजीपुर के अभय शंकर यादव, ग्रुप 'जी' में बुलंदशहर के चिराग गुप्ता, ग्रुप 'एच' में दिल्ली के आकाश कुमार और ग्रुप 'आई' में शाहजहांपुर के तनिष्क गुप्ता ने अपने-अपने वर्ग में सर्वोच्च अंक हासिल किए. अन्य ग्रुपों के टॉपरों की सूची भी परिषद ने जारी कर दी है.
इंजीनियरिंग ग्रुप 'ए' में कुल 1,67,919 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. इनमें सामान्य, ईडब्ल्यूएस, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी शामिल रहे. वहीं फार्मेसी ग्रुप 'ई' में 1,29,961 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है.
प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा एवं परिषद के अध्यक्ष डॉ. एमके. शन्मुगा सुन्दरम की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद परिणाम जारी किया गया. परिषद ने काउंसलिंग कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है. इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग 25 जून से शुरू होकर 15 अगस्त तक पांच चरणों में आयोजित की जाएगी.
फार्मेसी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 24 जुलाई से शुरू होगी और 15 सितंबर तक चलेगी. अभ्यर्थी अपना परिणाम और काउंसलिंग से जुड़ी पूरी जानकारी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं. परिणाम जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थी अपनी पसंद के संस्थानों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे.