menu-icon
India Daily

वरुण चक्रवर्ती OUT, एशियन गेम्स के लिए बदली टीम इंडिया; 176 के स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी की एंट्री

भारत के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती आगामी एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं. अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में उन्हें चोट लग गई थी और वे फिलहाल खेल से बाहर रहेंगे.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
वरुण चक्रवर्ती OUT, एशियन गेम्स के लिए बदली टीम इंडिया; 176 के स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी की एंट्री
Courtesy: ANI

भारतीय क्रिकेट टीम को एशियाई खेलों से पहले बड़ा झटका लग गया है. स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले के दौरान उन्हें चोट लगी थी. जिसके बाद अब वह एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं.

अब BCCI के सामने सवाल यह है कि वह चक्रवर्ती के रिप्लेसमेंट के तौर पर किस खिलाड़ी को लेकर आते हैं जोकि अपनी तेजर तर्राक स्पिन से सामने वाली टीम के पसीने छुड़ा दे. इसी बीच रिपोर्ट आ रही है कि BCCI चक्रवर्ती की जगह दिल्ली कैपिटल्स के युवा ऑलराउंड को टीम में शामिल कर सकते हैं.  

विप्रज निगम को टीम में क्यों शामिल किया गया?

विप्रज निगम ने अब तक 33 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 244 रन और 34 विकेट हैं. उनका टी20 स्ट्राइक रेट 157.41 का है, जबकि IPL में यह आंकड़ा 176.40 तक पहुंच जाता है. हाल ही में उन्हें अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज में मौका मिला था. वहां उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और पूरी सीरीज में सात विकेट हासिल किए.

चोट के बाद वरुण की जगह बदली टीम

BCCI के एक सूत्र के मुताबिक, वरुण फिलहाल अनिश्चित समय के लिए क्रिकेट से बाहर हैं. उनकी जगह के लिए विप्रज निगम और कुलदीप यादव जैसे विकल्पों पर विचार हुआ. हालांकि, कुलदीप को इसी महीने के अंत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना है. ऐसे में एशियाई खेलों की टीम में विप्रज को शामिल करने की तैयारी है. युवा खिलाड़ी को मिले इस मौके को उनके हालिया प्रदर्शन का इनाम माना जा रहा है.

निचले क्रम में भी उपयोगी हैं विप्रज 

विप्रज की खासियत यह है कि वह स्पिन गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं. त्रिकोणीय सीरीज में उन्होंने इसी भूमिका में अपनी उपयोगिता दिखाई. टीम प्रबंधन उन्हें केवल वरुण के विकल्प के तौर पर नहीं, बल्कि भविष्य के लिए तैयार किए जाने वाले खिलाड़ी के रूप में भी देख सकता है. उनके आंकड़े बताते हैं कि टी20 क्रिकेट में वह बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए योगदान देने की क्षमता रखते हैं.

क्रुणाल पंड्या को फिर नहीं मिली जगह

विप्रज के चयन की चर्चा के बीच क्रुणाल पंड्या का नाम भी सामने आया. IPL में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद उन्हें एशियाई खेलों की टीम में जगह नहीं मिली. टीम प्रबंधन के सामने एक अनुभवी ऑलराउंडर को चुनने का विकल्प था, लेकिन युवा खिलाड़ी को आगे बढ़ाने का फैसला किया गया. वरुण की गैरमौजूदगी में अब विप्रज के पास खुद को बड़े मंच पर साबित करने का मौका होगा.