menu-icon
India Daily

कार डूबने की फर्जी सूचना देकर गर्लफ्रेंड संग घूमने निकले युवक ने पुलिस को दौड़ाया; झूठी कॉल पर गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के दनकौर में एक युवक ने गर्लफ्रेंड के साथ घूमते समय कार कीचड़ में फंसने पर पुलिस कंट्रोल रूम को कार डूबने की झूठी सूचना दे दी. युवराज मेहता केस के बाद अलर्ट पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू टीम भेजी, लेकिन मौके पर युवक शराब के नशे में मिला. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Dhiraj Kumar Dhillon
कार डूबने की फर्जी सूचना देकर गर्लफ्रेंड संग घूमने निकले युवक ने पुलिस को दौड़ाया; झूठी कॉल पर गिरफ्तार
Courtesy: AI

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार डूबने के बाद मौत होने के मामले ने लखनऊ तक तहलका मचा दिया था. इस घटना ने ऐसा तूल पकड़ा कि नोएडा के सीईओ को भी हटना पड़ा. उसी घटना की ‌स्क्रिप्ट इस्तेमाल करके एक युवक ने पुलिस को दौड़ा दिया. गर्ल फ्रेंड के साथ घूमने निकले इस युवक को नहीं पता था कि फर्जी स्क्रिप्ट उल्टी पड़ गई तो रात सलाखों के पीछे ही कटेगी, और वही हुआ. गर्ल फ्रेंड के सामने सारी उस्तादी निकल गई, सो अलग. 

युवक ने शराब के नशे में पुलिस को दौड़ाया

मामला गौतमबुद्धनगर के दनकौर इलाके का है. गुरुवार को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस के कंट्रोल रूम को एक कॉल मिली. सर, मेरठ कार पानी में डूब रही है, जल्दी बचा लो नहीं तो मेरी जान चली जाएगी. पुलिस युवराज मेहता की मौत के बाद आए जलजले को अभी भूली नहीं थी, स्वभाविक सी बात है इस कॉल ने पुलिस के ‌होश उड़ा दिए. आनन-फानन में रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं. बताई गई लोकेशन पर नजारा देख सब चकरा गए. युवक की कारण कीचड़ में फंस गई थी. पुलिस को कॉलर शराब के नशे में धुत मिला. उसके बाद उसके बाद पुलिस ने उसकी खबर ली और झूठी सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

कार में गर्ल फ्रेंड के साथ घूमने निकला था

पुलिस ने आरोपी को नाम शिवकुमार बताया है. वह अपनी गर्ल फ्रेंड को कार में लेकर मंझावली पुलिस की ओर घूमने गया था, रास्ते में कीचड़ में उसकी कार फंस गई. शराब के नशे में धुत शिवकुमार ने अपनी कार को कीचड़ से निकलवाने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर झूठी कहानी सुना डाली. कार के पानी में डूबने की खबर मिली तो एडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमों के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई. मौके पर जाकर देखा तो कार कीचड़ में फंसी थी और शराब के नशे में धुत युवक अपनी गर्ल फ्रेंड के साथ कार में बैठा था. कार निकलवाने के लिए झूठी सूचना देने के आरोप में पुलिस मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया.