फिरोजाबाद: यूपी के फिरोजाबाद में बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रूपसपुर के निकट दौड़ रही एक मालगाड़ी की बोगी में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले लिया और दूर तक लपटें दिखाई देने लगीं.
घटना के दौरान चालक ने त्वरित निर्णय लेते हुए आग लगी बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया. चालक की सतर्कता और सूझबूझ के चलते आग को अन्य बोगियों तक फैलने से रोका जा सका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं. आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है.
Breaking : फिरोजाबाद, यूपी में ट्रेन में आग लगी। एक कोच पूरी तरह जला। जले हुए कोच को ट्रेन से अलग किया गया। बचाव–राहत कार्य जारी है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है... pic.twitter.com/cZqEzItNXL
— Sachin Gupta (@Sachingupta) June 17, 2026
आग लगने की सूचना के बाद रेलवे अधिकारियों के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
घटना के बाद एक व्यक्ति के जलने से मौत होने की चर्चा सामने आई है. हालांकि प्रशासन या रेलवे की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.
इस हादसे के बाद डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. आग पर पूरी तरह काबू पाने और ट्रैक की सुरक्षा जांच के बाद ही यातायात बहाल किए जाने की संभावना है.